नयी दिल्ली 21 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉक्टर पंकज कुमार सिंह ने सोमवार को कहा कि इस महीने दिल्लीवासियों को 30 से अधिक नए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ की बड़ी सौगात मिलेगी।
डॉक्टर सिंह ने आज यहां सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के बाद कहा कि इसी महीने दिल्लीवासियों को 30 से अधिक नए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ की बड़ी सौगात मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि अगस्त महीने के अंत तक 75 और नए ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ बनाकर दिल्ली के नागरिकों को समर्पित कर दिए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल मार्गदर्शन और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में उनकी सरकार ‘स्वस्थ दिल्ली, सशक्त दिल्ली’ के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। राजधानी के प्रत्येक नागरिकों को सस्ती, सुलभ और विश्व स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए दिल्ली सरकार हेल्थ सेक्टर में इंफ्रास्ट्रक्टर से लेकर मेडिकल सुविधाओं को विश्व स्तरीय बनाने के लिए सरकारी अस्पतालों की बुनियादी ढांचे को लगातार मज़बूत बनाने में जुटी है। दिल्ली सरकार ‘आयुष्मान आरोग्य मंदिर’ से लेकर दिल्ली के सभी सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज में वर्ल्ड क्लास मेडिकल सुविधाएं देने के लिए फंड की कोई कमी नहीं होने देगी।
