हरारे 20 जुलाई (वार्ता) रूबिन हरमन (63) और कप्तान रासी वान दर दुसें (52) की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर दक्षिण अफ्रीका ने रविवार को चौथे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 16 गेंदे शेष रहते सात विकेट से हरा दिया।
145 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 22 के स्कोर तक अपने दो विकेट गवां दिये। लुआन-द्रे प्रेटोरियस (चार) और रीजा हेंड्रिक्स (छह) रन बनाकर आउट हुये। दोनों बल्लेबाजों को टी मपोसा ने आउट किया।
इसके बाद रूबिन हरमन और कप्तान रासी वान दर दुसें ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे विकेट के लिये 106 रनों की साझेदारी हुई। 16वें ओवर में रिचर्ड एन्गरावा ने रूबिन हरमन को बोल्ड कर इस साझेदारी का अंत किया। रूबिन हरमन ने 36 गेंदों में तीन चौके और चार छक्कों की मदद से (63) रन बनाये। दक्षिण अफ्रीका ने 17.3 ओवर में तीन विकेट पर 145 रन बनाकर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया। रासी वान दर दुसें ने 41 गेंदों में (नाबाद 52) और डेवाल्ड ब्रेविस ने सात गेंदों में (नाबाद 13) रन बनाये।
जिम्बाब्वे की ओर से टी मपोसा ने दो विकेट लिये।
इससे पहले आज यहां दक्षिण अफ्रीका की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 44 के स्कोर तक अपने तीन विकेट गवां दिये। वेस्ली मधेवेरे(13), क्लाइव मडांडे (आठ) और कप्तान सिकंदर रजा(नौ) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये रायन बर्ल ने ब्रायन बेनेट के साथ पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच चौथे विकेट लिये 78 रनों की साझेदारी हुई। 16वें ओवर में लुंगी एन्गिडी ने ब्रायन बेनेट को बोल्ड कर इस साझेदारी को तोड़ा। ब्रायन बेनेट ने 43गेंदों में सात चौके और तीन छक्कों की मदद से (61) रन बनाये। जिम्बाब्वे का पांचवां विकेट ताशिंगा मुसेकिवा (शून्य) के रूप में गिरा। जिम्बाब्वे ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 144 रनों का स्कोर बनाया। रायन बर्ल ने 31 गेंदों में दो चौके और एक छक्के की मदद से (नाबाद 36) रनों की पारी खेली। टी मपोसा नौ रन बनाकर नाबाद रहे।
दक्षिण अफ्रीका की ओर से कॉर्बिन बॉश ने दो विकेट लिये। लुंगी एन्गिडी, नांद्रे बर्गर और ए पीटर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
