
शाजापुर। ग्राम बुरलाय में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शासकीय माध्यमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक ईश्वर सिंह आर्य को स्कूल का सामान चोरी करते हुए पकड़ा गया।रविवार को स्कूल की छुट्टी का फायदा उठाते हुए प्रधानाध्यापक ट्रैक्टर-ट्राली में स्कूल का सामान भरकर अपने घर ले जा रहा था। ग्रामीणों को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रैक्टर-ट्राली को स्कूल के बाहर ही रोक लिया। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के बीएससी प्रमोद कारपेंटर को इसकी शिकायत की।
शिकायत मिलते ही कारपेंटर मौके पर पहुंचे। उन्होंने सारा सामान वापस स्कूल में रखवाया। बीआरसी योगेश भावसार ने बताया कि ईश्वर सिंह आर्य तीन दिन पहले भी बिना सूचना के स्कूल से अनुपस्थित थे। इस पर उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, प्रधानाध्यापक के खिलाफ पहले भी कई बार विभागीय कार्रवाई की जा चुकी है। इस नए मामले में भी उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।
