शिवपुरी: जिले में अलग-अलग जगहों पर दो जानलेवा घटनाएं हुईं। सिरसौद थाना क्षेत्र के जामखो गांव में एक 7 वर्षीय बालिका बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूब गई। वहीं, पिछोर अनुविभाग के खोड़ क्षेत्र में बाइक से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई।सिरसौद थाना क्षेत्र के जामखो निवासी अवनी (7) पुत्री फेरन धाकड़ अपनी दो सहेलियों के साथ रोड किनारे शौच के लिए गई थी। पास ही एक गहरे गड्ढे में बारिश का पानी भरा था।
बताया गया कि अवनी पानी भरने के लिए जैसे ही गड्ढे के पास पहुंची, पैर फिसलने से वह उसमें गिर गई। दोनों सहेलियां दौड़कर घर पहुंचीं और परिजनों को सूचना दी। जब तक परिवार मौके पर पहुंचा, तब तक अवनी की डूबने से मौत हो चुकी थी। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पिछोर अनुविभाग के खोड़ चौकी क्षेत्र में पनरियानाथ मंदिर से लौटते समय एक युवक की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। मऊकूड़च्छा निवासी लल्लूराम पुत्र मसलती आदिवासी बाइक से लौट रहा था, तभी खोड़-बीरा रोड स्थित नई नर्सरी के पास बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गिर गई और पत्थर से टकरा गई। उसकी मौत हो गई।
