ग्वालियर:जिले के किसानों को गुणवत्तायुक्त मानक बीज व खाद उपलब्ध कराने के निर्देश किसान एवं कृषि कल्याण विभाग के अधिकारियों को दिए गए हैं। इन निर्देशों के पालन में कृषि विभाग के मैदानी अधिकारियों द्वारा जिले में संचालित खाद व बीज की दुकानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला में जाँच कराई जा रही है। इस क्रम में भितरवार स्थित गोलेश्वर कृषि सेवा केन्द्र से लिए गए धान का नमूना प्रयोगशाला की जाँच में अमानक पाए गए हैं। इसी तरह एमपी स्टेट मार्केटिंग पुतलीघर से लिया गया।
इफको लिमिटेड के अमोनियम फॉस्फेट सल्फेट का नमूना अमानक पाया गया है। इस आधार पर इस धान व उर्वरक का पूरा लॉट प्रतिबंधित कर दिया गया है। उप संचालक कृषि एवं लायसेंसिंग प्राधिकारी (बीज) रणवीर सिंह जाटव ने जिस धान बीज का नमूना अमानक पाया, उसके समस्त लॉट का भण्डारण, क्रय-विक्रय एवं परिवहन तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित कर दिया है।
उप संचालक कृषि जाटव ने बताया कि गोलेश्वर कृषि सेवा केन्द्र भितरवार पर कॉस्को हाइब्रिड एण्ड रिसर्च प्रा.लि. राजीवगांधी नगर कोटा राजस्थान द्वारा तैयार धान की किस्म पीबी-1509 C/S का नमूना राज्य की बीज परीक्षण प्रयोगशाला में कराए गए विश्लेषण में अमानक पाया गया है। इसी तरह अमोनियम फॉस्फेट सल्फेट के जिस लॉट का नमूना अमानक पाया गया है उस सम्पूर्ण लॉट, बैच व स्कंध का क्रय-विक्रय, भण्डारण एवं परिवहन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
