
सिवनी। कुरई थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। रुखड़ गांव के पास नशे में धुत एक कंटेनर चालक ने तेज रफ्तार से एक यात्री वाहन को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे दो लोगों की मौत हो गई और आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस भयानक हादसे का लाइव वीडियो सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो ने नशे में गाड़ी चलाने की खतरनाक सच्चाई को सबके सामने ला दिया है।
ये दिल दहला देने वाली घटना शुक्रवार की शाम को हुई, जब रुखड़ गांव के पास नेशनल हाईवे पर एक सवारी वाहन सड़क किनारे खड़ा था। इस वाहन में कुछ लोग सवार थे, जो शायद रास्ते में रुके हुए थे।
तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर, जिसका ड्राइवर नशे की हालत में था, अनियंत्रित होकर सवारी वाहन से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सवारी वाहन के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कंटेनर सड़क पर लहराते हुए आ रहा था और ड्राइवर का गाड़ी पर कोई नियंत्रण नहीं था।
हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों को तुरंत सिवनी के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
लाइव वीडियो ने खोली ड्राइवर की पोल
इस हादसे की सबसे हैरान करने वाली बात ये है कि पूरी घटना एक अन्य ट्रक ड्राइवर ने अपने डैशकैम में कैद कर ली। ये लाइव वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
