गबोरोन, 18 जुलाई (वार्ता) इंग्लैंड में 2026 में होने वाले विस्तारित सीनियर महिला टी-20 विश्वकप के लिए अफ्रीकी देशों की टीमें 20 से 26 जुलाई तक बोत्सवाना की मेजबानी में होने वाले अफ्रीका के डिवीजन 2 के क्वालीफायर में भिड़ेंगी।
बोत्सवाना क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के ओवल 1 और ओवल 2 मैदान, जो एक-दूसरे से सटे हैं, रवांडा, बोत्सवाना, सिएरा लियोन, कैमरून, मलावी, मोजम्बिक, एस्वातिनी और लेसोथो की सीनियर महिला क्रिकेट टीमों की मेजबानी करेंगे।
टीमों को चार-चार के दो समूहों में विभाजित किया गया है, जिनमें क्रॉस-ओवर सेमीफाइनल और प्लेसमेंट प्लेऑफ शामिल हैं। सात दिनों में कुल 20 मैच खेले जाएंगे। टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमें आईसीसी महिला टी-20 विश्वकप अफ्रीका डिवीजन वन क्वालीफायर में भाग लेंगी, जो इस वर्ष 31 अगस्त से छह सितंबर तक नामीबिया में आयोजित किया जाएगा।
इस अवसर पर बोत्सवाना क्रिकेट एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सुमोद दामोदर ने कहा, “बोत्सवाना क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) बोर्ड, प्रबंधन और सभी हितधारकों की ओर से, मुझे सभी टीमों और आईसीसी अधिकारियों का टूर्नामेंट में स्वागत करते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। बोत्सवाना ने हाल ही में ऐसे कुछ टूर्नामेंटों की मेजबानी की है। मुझे पूरी उम्मीद है कि सभी मैच क्रिकेट की सच्ची भावना से खेले जाएंगे और प्रदर्शन लगातार बेहतर होता जाएगा। सर्वश्रेष्ठ टीमों की जीत की कामना करता हूं।”
