
नेपानगर। शहर में सीता नहानी एक धार्मिक के साथ ही पर्यटन स्थल भी है। इसके जीर्णोद्धार के लिए मप्र पर्यटन विकास निगम की ओर से करीब एक करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया था। लेकिन करीब तीन साल से यह प्रस्ताव अटका हुआ है। अब यहां नगर पालिका की ओर से जल गंगा अभियान के तहत कुंडों की सफाई तो कराई गई है, लेकिन प्रस्ताव को लेकर अब तक प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है।
दरअसल प्रदेश के समस्त नगरीय निकायों में जल स्त्रोतों, नदी, तालाबों, कुंओं,बावड़ी अन्य जल स्त्रोतों के संरक्षण, पुनर्जीवन के लिए 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत में नेपानगर में ऐतिहासिक सीतानहानी धार्मिक पर्यटन स्थल के पवित्र कुंडों की साफ -सफाई, रंगाई, पुताई की गई, लेकिन इस धार्मिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थल की फाइल अब तक पेंडिंग पड़ी हुई है। इसके जीर्णोद्धार को लेकर कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं।
इधर,नेपानगर सीएमओ शैलेन्द्र चौहान ने बताया सीता नहानी की अविरल बहने वाली जलधारा जिसके माध्यम से वार्ड क्रमांक 22 में जलप्रदाय का कार्य किया जाता है। कार्यक्रम का शुभारंभ अध्यक्ष भारती पाटील, स्थानीय पार्षदों गणमान्य नागरिकगणों की उपस्थिति में हुआ। शुभारंभ अवसर पर शिवजी की आराधना, पूजन किया गया। वहीं कार्यक्रम के अंत में गंगा मैया जी की आरती कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
