
सीहोर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के बयान को लेकर सोमवार को सीहोर में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ. भाजपा महिला मोर्चा एवं कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के सामने राहुल गांधी का पुतला दहन करने की कोशिश की, जिस पर कांग्रेस कार्यकर्ता भड़क उठे और दोनों पक्षों के बीच तीखी झड़प हो गई. देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया, जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया.
घटना के बाद भाजपा नेताओं ने कांग्रेस कार्यकर्ता पंकज शर्मा पर मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई. वहीं, कांग्रेस ने भी पलटवार करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर मारपीट व अराजकता फैलाने के आरोप लगाए और पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की.
स्थिति बिगड़ने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और दोनों पक्षों को समझाकर हालात काबू में किए. कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा ने महिला मोर्चा को आगे कर कार्यालय में घुसने और आगजनी की कोशिश की, जबकि भाजपा ने कांग्रेस पर महिलाओं के साथ अभद्रता और शांतिपूर्ण प्रदर्शन में विघ्न डालने का आरोप लगाया.
इस टकराव के बाद जिले में राजनीतिक तनाव गहरा गया है और दोनों दल एक-दूसरे पर गंभीर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं.
