
देवास। शहर में एक युवक द्वारा खुद को CRPF का डीआईजी बताकर रौब झाड़ने का मामला सामने आया है। कोतवाली पुलिस ने संदेह के आधार पर आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस स्टैंड क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार खड़ी थी, जिसमें लाल बत्ती लगी हुई थी। वाहन पर लगे लाल बत्ती और संदिग्ध गतिविधियों को देखकर पुलिस को शंका हुई। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन की जांच की।
जांच के दौरान कार में बैठे युवक ने खुद को CRPF का डीआईजी बताते हुए अपना नाम सौरभ राणा निवासी भोपाल बताया। लेकिन पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर उसकी असलियत सामने आ गई। युवक की पहचान सौरव राणा के रूप में हुई, जो कि किसी भी प्रकार से डीआईजी पद पर नहीं है।
पुलिस को आरोपी के पास से कथित तौर पर फर्जी पहचान पत्र भी मिला है। इसके बाद उसे तत्काल कोतवाली थाने लाया गया, जहां उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली थाना प्रभारी श्यामचंद शर्मा ने बताया कि आरोपी से यह भी जानकारी जुटाई जा रही है कि उसने डीआईजी बनकर कहीं ठगी या अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम तो नहीं दिया है।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
