सतना:पिछले 2 दिनों से रुक रुक कर हो रही बारिश के क्रम के चलते शहर में जकरीबन 150 मिमी वर्षा दर्ज कर ली गई. जिसका साइड इफेक्ट शहर में जगह जगह जलभराव और यातायात बाधित होने के तौर पर सामने आया. इतना ही नहीं बल्कि कुछ क्षेत्र में बारिश की वजह से मिट्टी धंसने की जानकारी भी सामने आई.मौसम कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार को शहर में जहां 80 मिमी बारिश दर्ज की गई थी. वहीं गुरुवार को शहर में बारिश का यह आंकड़ा 66 मिमी दर्ज हुआ. इस लिहाज से पिछले 2 दिनों में गुरुवार की शाम तक 144 मिमी बारिश दर्ज कर ली गई. हलांकि जारी बारिश के दौर के चलते तापमान में 2-3 डिग्री की कमी दर्ज हुई और मौसम ठंडा हो गया.
लेकिन यह राहत तब पनऊकी पड़ती नजर आने लगी जब शहर में जगह जगह जलभराव का स्थिति सामने आई. शहर के भरहुत नगर, मुख्त्यारगंज, पन्ना नाका-उमरी, अमौधा, विराट नगर और अंडर ब्रिज जैसे क्षेत्र जल भराव की समस्या से खासे प्रभावित नजर आए. वहीं बारिश के दौरान रीवा रोड, जगतदेव तालाब रोड, लालात चौक रोड, बस स्टैण्ड परिसर, भैंसाखाना क्षेत्र, अस्पताल रोड और परिसर सहित अन्य क्षेत्रों में खासा जलभराव देखने को मिला. भरहुत नगर, मुख्त्यारगंज और कुछ हद विराट नगर क्षेत्र में कई लोगों के घर में पानी घुस गया. जिसे देखते हुए लोग अपने सामान का बचाव करने के साथ ही पानी बाहर निकालने की जद्दोजहत में जुटे नजर आए.
रही सही कसर बेपटरी हुई विद्युत प्रदाय व्यवस्था ने पूरी कर दी. सिटी और प्रेम नगर फीडर के कई स्थानों पर ऐसे फाल्ट आ गए जो बुधवार से शुरु हुए और उनका समाधान गुरुवार की शाम तक नहीं निकल सका. नतीजतन बुधवार की रात से लेकर गुरुवार की शाम तक लडख़ड़ाई रही विद्युत प्रदाय व्यवस्था इन इलाकों के रहवासियों को हलाकान किए रखा. इसी कड़ी में पन्ना नाका क्षेत्र में नाले के बगल में स्थित पूजा क्रिटिकल हास्पिटल के पार्किंग क्षेत्र का कुछ हिस्सा अचानक धंस गया. जिसके चलते वहां पर लगे ट्रांसफार्मर पर संकट मंडराने लगा. जानकारी मिलने पर विद्युत अमले ने मौके पर पहुंचकर ट्रांसफार्मर को सुरक्षित करने का प्रयास शुरु किया गया. इसके अलावा जलभराव की वजह से कुछ स्थानों के मार्ग बाधित हो जाने के चलते अन्य प्रमुख मार्गों पर यातायात बाधित बना नजर आया.
हरकत में आया ननि अमला
शहर में हुई बारिया से कई क्षेत्रों में हुए जलभराव की स्थिति को देखते हुए निगमायुक्त शैलेंद्र सिंह द्वारा अमले को सख्त निर्देश दिए गए. जिसके चलते जल निकासी में बाधक बन रहे अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से हटाने की कार्रवाई शुरु की गई. पन्ना नाका उमरी क्षेत्र में हनुमान मंदिर के आगे मुख्य मार्ग पर नाले की सफाई कराई गई. वहीं अमौधा में पुलिया खुलवाकर बारिश के पानी की निकासी कराई गई. इसी कड़ी में भैंसाखाना क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर पानी के बहाव को सुचारु बनाया गया. इसके अलावा वार्ड 43 में स्वर्ण पैलेस झोपड़पट्टी क्षेत्र में भी बारिश के पानी की निकासी कराई गई
