कुछ इंच बारिश ने खोली नगर निगम के दावों की पोल

इंदौर। देश के सबसे स्वच्छ शहर के रूप में पहचान रखने वाले इंदौर में शुक्रवार को हुई महज कुछ इंच बारिश ने नगर निगम के जल निकासी व्यवस्था के दावों की पोल खोलकर रख दी। शहर के कई प्रमुख इलाके बारिश के कुछ ही देर बाद जलमग्न हो गए। अव्यवस्थित ड्रेनेज सिस्टम और स्टॉर्म वॉटर लाइनों की कमी के कारण सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया, जिससे आमजन, वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

सबसे अधिक समस्या राबर्ट चौराहा स्थित सर्विस रोड पर देखने को मिली, जहां शाम करीब पांच बजे घुटनों तक पानी भर गया। जलभराव के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए। लोगों को पानी के बीच से गुजरना पड़ा, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बना रहा। राहगीरों और वाहन चालकों ने नगर निगम की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।

यह स्थिति केवल एक क्षेत्र तक सीमित नहीं रही। संगम नगर, कचरा प्लांट के पास तथा स्कीम नंबर-51 की मुख्य सड़क सहित शहर के कई इलाकों में जलभराव की गंभीर समस्या सामने आई। पानी से लबालब सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई वाहन पानी में बंद हो गए। बारिश थमने के बाद भी लंबे समय तक पानी नहीं निकल सका, जिससे यातायात प्रभावित रहा।

पेड़ गिरने से मचा हड़कंप

बारिश और तेज हवा के बीच जंजीरों वाले चौराहे के पास दोपहर बाद एक पुराना नीम का पेड़ अचानक धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में वहां खड़ी दो कारें आ गईं, जिससे दोनों वाहनों को नुकसान पहुंचा। घटना के समय आसपास लोगों की आवाजाही थी, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पेड़ गिरते ही क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर स्थानीय लोग और संबंधित अमला मौके पर पहुंचा तथा पेड़ हटाकर यातायात सुचारु कराया गया।

 

हर साल वही हाल, फिर सवालों के घेरे में व्यवस्थाएं

 

पहली ही अच्छी बारिश में शहर के कई इलाकों

में जलभराव की स्थिति ने नगर निगम की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के बावजूद यदि कुछ देर की बारिश में सड़कें तालाब बन जाएं और वाहन बंद होने लगें, तो व्यवस्थाओं की गुणवत्ता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। नागरिकों का कहना है कि जब तक प्रभावी स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज और नियमित नालों की सफाई की व्यवस्था नहीं होगी, तब तक हर बारिश में इंदौरवासियों को इसी तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

Next Post

देश के मुख्य चुनाव आयुक्त कल इंदौर में

Fri Jul 3 , 2026
इंदौर। देश के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार कल इंदौर आ रहे है। वे शाम 4 बजे लता मंगेशकर सभागृह में बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की बैठक में शामिल  होंगे । इस दौरान वे अलग अलग विधानसभा के रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और बीएलओ से चुनाव को लेकर चर्चा करेंगे। दौरे में […]

You May Like