
देवास। बीएनपी थाना क्षेत्र के कालूखेड़ी में एक घर को चोरों ने उस समय निशाना बना लिया जब परिवार गमी के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। पीड़ित आकाश चौहान ने बताया कि वह अपने परिवार सहित गुरुवार से कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए थे। शुक्रवार सुबह जब उनके पिताजी लौटे, तो घर के ताले टूटे मिले — हैरानी की बात यह रही कि ताले भी मौके से गायब थे।
घर के अंदर प्रवेश करने पर पता चला कि LED टीवी, गोदरेज के लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवरात और नकदी गायब थी। लॉकर भी टूटा हुआ हालत में बेड पर पड़ा मिला।
आकाश चौहान ने बीएनपी थाना पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।
पीड़ित के मुताबिक, घर में मौसा जी से उधार लिए ₹2 लाख नकद रखे थे, जिन्हें भी चोर ले उड़े। इसके अलावा उनके भांजे की सोने की चेन भी चोरी हो गई।
आकाश ने बताया कि इलाके में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ दिन पहले ही एक बाइक के टायर चोरी हुए थे, जिसकी सूचना भी उन्होंने पुलिस को दी थी।
फिलहाल बीएनपी थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
