
देवास। सतवास पुलिस ने शुक्रवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से जंगल, झाड़ियों और नालों में छिपाकर रखी गई 15 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन और एएसपी (ग्रामीण) सौम्या जैन के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। शुक्रवार को थाना सतवास में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 जुलाई को सतवास के हाट बाजार क्षेत्र से एक मोटरसाइकिल चोरी की गई थी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू की और CCTV फुटेज व मुखबिर की सूचना के आधार पर 17 जुलाई को मुहाई जागीर फाटा से दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुकराम उर्फ कालू (31 वर्ष) और मकराम डोडवे (25 वर्ष), निवासी बजरंगगढ़, थाना बागली, जिला देवास के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने अंतर्राज्यीय गिरोह से जुड़े होने की बात कबूली और विभिन्न जिलों — देवास, इंदौर, बड़वानी, कांटाफोड़, खातेगांव आदि से मोटरसाइकिलें चोरी करने की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर जंगल, पहाड़ियों, और नदी-नालों में छिपाकर रखी गई कुल 15 चोरी की बाइकें बरामद की हैं। बाइकें इतनी चतुराई से छिपाई गई थीं कि आम आदमी को उनका पता लगाना मुश्किल था।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी बी.डी. बीरा, प्रधान आरक्षक राकेश रजक, आरक्षक लोकेश मंजरिया, मिथुन कुशवाह, दिनेश शर्मा, विपिन शर्मा, देवराज वास्कले की सराहनीय भूमिका रही।
एएसपी जैन ने बताया कि देवास जिले में सक्रिय वाहन चोर गिरोहों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगामी दिनों में ऐसे गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
