
सीहोर.स्वच्छता की पढ़ाई में सीहोर नगर पालिका को इस बार बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. सर्वेक्षण की रिपोर्ट के बाद गुरुवार को सर्वेक्षण की रैंकिंग जारी की गई है उसमें सीहोर ने अलग पहचान बनाई है. सीहोर नपा ने 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले कुल 824 निकायों में देश में 6वां स्थान हासिल किया है. यह एक बड़ी उपलब्धि है. वहीं प्रदेश के कुल 56 निकायों में सीहोर ने 7वां स्थान हासिल किया है.
इस उपलब्धि के बाद नपा में जोरदार जश्न मनाया गया. नपा अध्यक्ष प्रिंस राठौर, सीएमओ सुधीर कुमार सहित सभी पार्षदों ने सफाई दरोगा और कचरा गाड़ी चलाने वाले चालकों को सम्मानित किया. इसके बाद नगर पालिका के बाहर अध्यक्ष सहित सभी पार्षद और नपा स्टाफ ने जश्न मनाते हुए ढोल पर बजाते हुए जमकर डांस किया. नपा की इस उपलब्धि से पूरे शहर में उत्सव का माहौल है. नपाध्यक्ष प्रिंस राठौर ने बताया कि देश के 824 निकायों में 6वां स्थान प्राप्त करना हमारी बड़ी उपलब्धि है. जिन सफाई मित्रों के कारण हम इस मुकाम पर पहुंचे हैं उनका नागरिक अभिनंदन किया जाएगा. शुक्रवार को आभार रैली निकाली जाएगी. जिसमें हर चौराहे पर आतिशबाजी चलाने के साथ मिठाई वितरण होगा, क्योंकि शहरवासियों की भागीदारी से ही यह उपलब्धि हासिल हुई है. इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी लंबे समय तक चली. स्वच्छता की परीक्षा पूरे एक साल लेट हो गई। जिसका असर यह रहा कि हमें तैयारी के लिए अतिरिक्त समय मिल गया.
