
मंडला। पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा मंडला शहर में लगाए जा रहे स्मार्ट मीटरों को लेकर उपभोक्ताओं में भारी असंतोष है। लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से बिजली बिल में अचानक वृद्धि हो गई है। इसी को लेकर स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है और जांच कराने की अपील की है।
नगरवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा है, जिसमें बताया गया कि बिना किसी पूर्व जानकारी और सहमति के मीटर बदले जा रहे हैं। कई उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर में रीडिंग तेजी से बढ़ रही है, जिससे आमजन को भारी आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है।
विभाग तक पहुंचीं शिकायतें
बढ़ते विरोध और शिकायतों के चलते विद्युत विभाग भी हरकत में आया है। विभागीय अधिकारियों के पास कई शिकायतें पहुंची हैं, जिनमें उपभोक्ताओं ने जांच और पारदर्शिता की मांग की है।
विभाग ने दी सफाई, पारदर्शिता का दिया भरोसा
विद्युत विभाग के अधिकारियों ने सफाई देते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के हित में लगाए जा रहे हैं, जिससे सटीक बिलिंग हो सके। अधिकारी ने दावा किया कि यह मीटर उपभोक्ता की वास्तविक खपत के अनुसार ही बिल जारी करते हैं। फिर भी यदि किसी को बिल अधिक लग रहा है तो वह संबंधित कार्यालय में शिकायत दर्ज कर सकता है, उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा।
निष्पक्ष जांच की मांग
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि स्मार्ट मीटर में गड़बड़ी पाई जाती है तो इसे तत्काल हटाया जाए। साथ ही जो उपभोक्ता इससे आर्थिक नुकसान उठा रहे हैं, उन्हें राहत दी जाए।
