जिला अस्पताल से नींद की गोलियों की चोरी: मानसिक OPD से 8400 टैबलेट गायब, कर्मचारियों पर गिरी गाज

अशोकनगर।जिला अस्पताल से एक हैरान कर देने वाली चोरी की घटना सामने आई है, जहां मानसिक रोगियों की ओपीडी से नींद की दवाओं की बड़ी खेप चोरी हो गई। चोरी गईं गोलियों की संख्या करीब 8,400 है, जिनमें एल्प्राजोलाम, लोराजेपाम और डाइजेपाम जैसी तेज असरकारक टैबलेट शामिल हैं।

यह चौंकाने वाली वारदात अस्पताल के मन कक्ष ओपीडी क्रमांक 01 में हुई, जो मानसिक तनाव व अनिद्रा से पीड़ित मरीजों के लिए संचालित है। यह चोरी तब पकड़ में आई जब दवा स्टॉक मिलान के दौरान गड़बड़ी सामने आई। चोरी गई दवाओं में 6000 एल्प्राजोलाम, 1200 लोराजेपाम, और 1200 डाइजेपाम की गोलियां शामिल हैं।

जैसे ही घटना की जानकारी सामने आई, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अलका त्रिवेदी और सिविल सर्जन डॉ. भूपेन्द्र सिंह शेखावत ने तुरंत संज्ञान लिया और एक्शन मोड में आ गए।

प्रारंभिक जांच में लापरवाही की आशंका को देखते हुए नर्सिंग ऑफिसर शाहिद खान मंसूरी, दिव्या तिवारी, डॉ. राममोहन गुर्जर, और सिगमा कंपनी के सुरक्षा गार्ड को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इसके अलावा चोरी की एफआईआर भी दर्ज कराई गई है और एक विशेष जांच दल का गठन कर दिया गया है, जो पूरे मामले की तह तक जाकर कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।

अस्पताल से दवाओं की चोरी न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह गंभीर दवाओं के अवैध इस्तेमाल की आशंका को भी बढ़ा रही है। अब देखना होगा कि यह जांच किस दिशा में जाती है और असली दोषी कौन निकलता है।

Next Post

कुमारी विद्यालय में पुलिस बनी शिक्षक छात्रों को पढ़ाया नशे से दूरी का पाठ 

Thu Jul 17 , 2025
गुना। पुलिस द्वारा जिले भर में चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान में फतेहगढ़ पुलिस ने ग्रामीण इलाके में मौजूद कुमारी विद्यालय में छात्रों ओर ग्रामीणों के बीच नशे से दूरी की कार्यशाला का आयोजन किया बीट प्रभारी अनिल कदम,ने बच्चों को बताया कि अपने जीवन को सफल बनाने के […]

You May Like