शांति सैनिकों पर हमलों की जवाबदेही बेहद जरुरी – भारत

न्यूयॉर्क, 16 जुलाई (वार्ता) संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि राजदूत पी. हरीश ने कहा है कि शांति सैनिकों पर हमलों के मामले में जवाबदेही का होना न केवल इंसाफ के लिए बल्कि दुनियाभर में इस संगठन के शांति अभियानों के लिए भी जरुरी है।

श्री हरीश ने यहां संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों को खतरनाक क्षेत्रों में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। लेकिन कई मामलों में उनके खिलाफ हुए अपराधों की कोई सजा नहीं मिलती। जवाबदेही की यह कमी अंतर्राष्ट्रीय शांति प्रयासों को कमजोर बनाती है और इससे अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। यह कार्यक्रम ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंडस’ नाम के एक समूह ने आयोजित किया था।

उन्होंने अपराधियों को सजा दिलाने में अंतर्राष्ट्रीय सहयोग बढ़ाने की रणनीतियों पर जोर देते हुए कहा, “न्याय से शांति सैनिकों की सुरक्षा में प्रत्यक्ष रूप से सुधार होता है, जिससे वे अपने खास मिशन को पूरा कर पाते हैं। इस जिम्मेदारी को पूरा करना हमारा साझा कर्तव्य है।”

संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन ने एक बयान में कहा कि जवाबदेही, केवल व्यक्तियों के लिए न्याय का मामला नहीं है, बल्कि दुनिया भर में भविष्य में संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों के प्रभाव और विश्वसनीयता का आधार है।

.इस कार्यक्रम में करीब 40 सदस्य देशों के प्रतिनिधियों, संयुक्त राष्ट्र के अधिकारियों और विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया और शांति सैनिकों के विरुद्ध अपराध करने वालों को कानून के दायरे में लाने के लिए रणनीतियों और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा देने पर विचार-विमर्श किया।

गौरतलब है कि शांति सैनिकों के विरुद्ध अपराधों की जवाबदेही के लिए ‘ग्रुप ऑफ फ्रेंडस’ की स्थापना दिसंबर 2022 में भारत की सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता के दौरान की गई थी। सन 1948 से, विभिन्न शांति अभियानों में संयुक्त राष्ट्र के एक हजार से अधिक कर्मी मारे गए हैं और सैकड़ों अन्य घायल हुए हैं।

 

 

 

Next Post

स्पेन के फुटबॉल खिलाड़ी लामिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की अनुशंसा

Wed Jul 16 , 2025
मैड्रिड,16 जुलाई (वार्ता) विश्व के सर्वश्रेष्ठ फुटबॉल खिलाड़ियों में शुमार स्पेन के लामिन यामल के खिलाफ अपनी जन्मदिन पार्टी में बौने व्यक्तियों को मनोरजंन के लिए शामिल करने को लेकर जांच की अनुशंसा की गयी है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिकता मंत्रालय ने अभियोजक कार्यालय से 18वें जन्मदिन की पार्टी में […]

You May Like