
भोपाल। कमला नगर पुलिस ने रात के समय मोहल्ले में दहशत फैलाने वाले चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मोन्टी उर्फ शांतनु, सलमान शाह, कौशल राजपूत और अयान खान ने आपसी रंजिश के चलते अपने साथियों भवानी पवार और कुनाल पाटिल के साथ मिलकर घटना को अंजाम दिया। उन्होंने दो स्कूटियों पर सवार होकर मोहल्ले में पेट्रोल डालकर घरों के पर्दों व नेट में आग लगाई तथा खड़ी कारों में तोड़फोड़ की।
घटना 21 जून को फरियादी मोतीलाल सिरोती द्वारा रिपोर्ट की गई थी, जिसमें उन्होंने बताया कि आरोपियों ने अजय यादव को बाहर निकलने की धमकी दी और चाकू मारकर कार के शीशे तोड़े। पुलिस ने सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजा गया।
गिरफ्तार सभी आरोपियों पर पूर्व से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। वहीं, दो आरोपी अभी फरार हैं। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक निरूपा पांडेय व उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।
