सतना: रामपुर बाघेलान के अंतर्गत ग्राम गुडुहरू में उल्टी-दस्त के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है।मंगलवार को गाँव में तीन मरीजों में उल्टी-दस्त की शिकायत पाए जाने के बाद उन्हें तत्काल विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। वर्तमान में सभी मरीज उपचाररत हैं और उनकी स्थिति में सुधार देखा जा रहा है।
जिला रैपिड रिस्पॉन्स टीम (आरआरटी) द्वारा प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने के बाद प्रारंभिक तौर पर पाया गया कि उल्टी-दस्त के मामलों का कारण दूषित खान-पान हो सकता है। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत कई कदम उठाए हैं ताकि बीमारी के प्रसार को रोका जा सके।
घर-घर सर्वे और जांच
स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई शुरू की है। 15 जुलाई 2025 को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने ग्राम गुडुहरू का दौरा कर स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को हर घर का सर्वे करने के निर्देश दिए। आशा कार्यकर्ताओं, सुपरवाइजरों और सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) को गाँव में नए मरीजों की खोज के लिए तैनात किया गया है। अगले तीन दिनों तक स्वास्थ्य टीमें प्रतिदिन घर-घर जाकर स्थिति की निगरानी करेंगी।
