
छिंदवाड़ा। जिले के चांद क्षेत्र में रेत के अवैध कारोबार पर कार्रवाई नहीं होने से नाराज चौरई विधायक सुजीत सिंह चौधरी ने आज कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। विधायक ने कहा कि अवैध खनन से नदियां और सड़कें बर्बाद हो रही हैं तथा जनता रेत माफियाओं से परेशान है। ज्ञापन में परसगांव, चांद, बिछुआ सहित अन्य क्षेत्रों में किसानों को यूरिया की कमी से जूझने की समस्या भी उठाई गई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जब्त रेत भी ठेकेदारों द्वारा गायब कर दी गई है और पुलिस-खनिज विभाग सिर्फ दिखावा कर रहे हैं। विधायक के साथ सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
