भोपाल। कोलार क्षेत्र में रहने वाले एक युवक के साथ कथित रूप से राजस्थान में अमानवीय मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पीड़ित युवक के परिजन सकते में आ गए और तत्काल कोलार थाने पहुंचकर पुलिस से हस्तक्षेप की मांग की।
जानकारी के अनुसार, सोनू नामक युवक का पिछले कुछ महीनों से राजस्थान के झालावाड़ा जिले की एक युवती से प्रेम संबंध था। इसी दौरान युवती ने फोन पर बातचीत के बाद सोनू को अपने गांव मिलने के लिए बुलाया। आरोप है कि जैसे ही सोनू वहां पहुंचा, युवती के परिजनों ने उसे अपने कब्जे में ले लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि सोनू की पिटाई का वीडियो युवती के परिजनों ने खुद उसके परिवार को भेजा। वीडियो देखकर सोनू के परिजन घबरा गए और बेटे की जान को खतरा बताते हुए कोलार पुलिस से गुहार लगाई। परिजनों का दावा है कि सोनू को धोखे से बुलाकर करीब तीन दिनों तक बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए कोलार थाना पुलिस ने तुरंत राजस्थान के दांगीपुरा थाना पुलिस से संपर्क कर पूरी जानकारी साझा की है। दोनों राज्यों की पुलिस आपसी समन्वय से युवक को सुरक्षित निकालने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के प्रयास में जुटी हुई है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। वायरल वीडियो की भी सत्यता जांची जा रही है, वहीं पीड़ित युवक की स्थिति को लेकर परिजन लगातार चिंता में हैं। पुलिस का कहना है कि युवक की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
