ग्वालियर: सावन के पहले सोमवार पर ग्वालियर चंबल क्षेत्र के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। सर्वाधिक भीड़ अचलेश्वर, कोटेश्वर, भूतेश्वर, गुप्तेश्वर, धूमेश्वर व मार्कण्डेश्वर मंदिरों पर उमड़ रही है। दूर-दराज के इलाकों से भी भक्त मंदिरों में पहुंचे हैं।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की। मंदिरों से हर-हर महादेव और जय शिव शंकर के जयकारे गूंज रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस असामाजिक तत्वों पर नजर रख रही है।
