सतना :महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में फायरिंग करने के साथ ही रॉड-डंडे से हमला कर दहशत फैलाने वाले मुख्य आरोपी को कोतवाली पुलिस ने रविवार को दबोच लिया. आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कट्टा-कारतूस व मोटरसाइकिल जब्त कर ली गई. आरोपी के विरुद्ध पहले से ही दर्जन भर से अधिक गंभीर किस्म के अपराध पंजीबद्ध हैं.कोतवाली थाना प्रभारी रावेंद्र द्विवेदी से मिली जानकारी के अनुसार साइबर सेल और मुखबिरों के जरिए महादेवा रोड गोली काण्ड के आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी.
इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर घटना के मुख्य आरापी अमित उर्फ दीपू उर्मलिया पिता हरवंश उम्र 26 वर्ष निवासी हरदोखर नाला के पास को रविवार को मैहर से दबोच लिया गया. आरोपी को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया. इसी कड़ी में आरोपी की तस्दीक पर 12 बोर का एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त कर लिए गए. इसके साथ ही आरोपी के कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई.
इसके साथ ही पुलिस द्वारा आरोपी दीपू को घटनास्थल पर ले जाया गया. जहां पर क्राइम सीन को रीकंस्ट्रक्ट किया गया. इस दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा आरोपी दीपू को हथकड़ी लगा कर ले जाता देख स्थानीय रहवााियों ने राहत की सांस ली. गौरतलब है कि 13 दिन पहले महादेवा रोड धवारी क्षेत्र में कैलाश पयासी की किराना दुकान के सामने हथियारबंद बदमाशों द्वारा फायरिंग किए जाने के साथ ही रॉड और डंडो से जानलेवा हमला किया गया था. इस घटना में शामिल रहे 4 आरोपियों जतिन तिवारी, अंशुमान सिंह उर्फ अंशू, धीरु उर्फ धीरेंद्र और बेटू उर्फ चंद्रप्रकाश मिश्रा को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
पिछले 7 वर्ष से कर रहा अपराध
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी दीपू उर्मलिया के विरुद्ध दर्जन भर से अधिक अपराध पहले से पंजंीबद्ध हैं. आरोपी ने 19 वर्ष की उम्र से ही अपराध करना शुरु कर दिया था. जिसके चलते उसके विरुद्ध हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, रंगदारी वसूलना, मारपीट और सुपारी लेकर घटना को अंजाम देना जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं. इतना ही नहीं बल्कि आरोपी के पिता का नाम भी नागौद थाने की गुण्डा लिस्ट में शामिल है. पुलिस द्वारा आरोपी के अपराध की कुण्डली खंगाली जा रही है
