उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता ने रूसी विदेश मंत्री से की मुलाकात

प्योंगयांग, 13 जुलाई (वार्ता) उत्तर कोरिया के शीर्ष नेता किम जोंग उन ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से मुलाकात की है,जो प्योंगयांग में दूसरी रणनीतिक वार्ता में भाग लेने के लिए यहां पहुंचे हैं।

यह जानकारी आधिकारिक कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) ने रविवार को दी।रिपोर्ट के अनुसार, कोरिया के शीर्ष नेता और श्री लावरोव के बीच शनिवार को वार्ता के दौरान दोनों पक्षों ने जून 2024 की ऐतिहासिक शिखर वार्ता में किए गए समझौतों को ईमानदारी पूर्वक लागू करने के लिए देशों के नेतृत्व के विचारों का व्यापक रूप से आदान-प्रदान किया।

उत्तर कोरियाई नेता ने कहा कि दोनों देश गठबंधन के अनुरूप सभी रणनीतिक मुद्दों पर समान विचार रखते हैं और यह दोनों देशों के बीच स्थापित उच्च रणनीतिक स्तर को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उनका देश भविष्य में दोनों देशों की बीच की संधि की भावना को ध्यान में रखते हुए यूक्रेनी संकट के मूल कारण से निपटने में रूसी नेतृत्व द्वारा उठाए गए सभी उपायों का बिना शर्त समर्थन तथा प्रोत्साहन देने के लिए तैयार है।

श्री किम ने आशा व्यक्त की कि दोनों देशों के समन्वित एवं सामंजस्यपूर्ण कूटनीतिक प्रयास और तेजी से बदलती अंतरराष्ट्रीय भू-राजनीतिक स्थिति के प्रति सक्रिय रवैया अपनाने से इस क्षेत्र और शेष विश्व में शांति एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने में सकारात्मक योगदान मिलेगा।रिपोर्ट में कहा गया कि वार्ता के दौरान श्री लावरोव ने अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में दोनों देशों के बीच रणनीतिक और सामरिक सहयोग को और मजबूत करने तथा ठोस कार्रवाई में तेजी लाने की इच्छा व्यक्त की।

दोनों पक्षों ने अपने-अपने नेतृत्व की इच्छा व्यक्त करते हुए कहा, “दोनों देश अपने मूल हितों की पूरी तरह से रक्षा करने, द्विपक्षीय संबंधों के समग्र विकास को सशक्त बनाने तथा लोगों की भलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की गारंटी देने की यात्रा में एक-दूसरे का निकट समर्थन और सहयोग करेंगे।”

केसीएनए की रिपोर्ट के अनुसार, श्री लावरोव की तीन दिवसीय यात्रा उत्तर कोरिया के विदेश मंत्रालय के निमंत्रण पर हुई है और आज समाप्त हो रही है।

Next Post

रविवार को भी स्कूल? CSP के बयान ने उड़ाए लोगों के होश!

Sun Jul 13 , 2025
सिंगरौली: रविवार को स्कूल बसों के बच्चों का हवाला देकर आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी का तर्क देने वाले सीएसपी विंध्यनगर पीएस परस्ते का बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दरअसल, कांग्रेस नेता भास्कर मिश्रा व ग्रामीणजन परसौना मोड़ पर सड़क दुर्घटनाओं के खिलाफ धरना दे रहे थे। […]

You May Like