विदिशा: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने आज कहा कि विदिशा जिले की हालत आज पूरे प्रदेश के लिए एक आईना बन चुकी है। अति-वृष्टि से पूरा शहर जलमग्न है, घरों में पानी घुस चुका है, स्कूल बंद हैं और अस्पतालों में इलाज की सुविधा नदारद है। बीमारियां तेजी से फैल रही हैं। दुखद विडंबना यह है कि यह वही विदिशा है, जिसका नेतृत्व वर्षों तक प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किया है।
जिले की पांचों विधानसभा सीटों पर भाजपा के विधायक हैं, फिर भी हालात इतने बदतर हैं कि लोग तिरपाल डालकर अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार करने को मजबूर हैं। गंज बासौदा के श्मशान घाट में चिता पर टपकते पानी और जर्जर टीन शेड की जगह तिरपाल लगाने की कोशिश की गई, पर आग से तिरपाल भी जल गई।
उधर, स्वास्थ्य सेवाओं की हालत भी बदहाल है।
जिले में झोलाछाप डॉक्टर और बिना योग्यता वाले लोग खुलेआम इलाज कर रहे हैं, जिससे मरीजों की जान पर बन आई है। नकली खाद, बीज और कीटनाशक से किसान भी त्रस्त हैं, और खुद केंद्रीय मंत्री को यह मानना पड़ा कि किसानों को नकली सामग्री दी गई।हर साल की तरह इस बार भी जलभराव ने नगर पालिका की तैयारियों की पोल खोल दी है। यातायात व्यवस्था ठप है और चौराहों पर पुलिस नदारद है। विदिशा की यह हालत सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक विफलता की जीती-जागती मिसाल बन चुकी है।
