चित्रकूट में बाढ़ : मंदाकिनी नदी उफान पर, घाट जलमग्न, सड़कों पर नाव चली

सतना: जिले के चित्रकूट में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंदाकिनी नदी का जलस्तर खतरनाक स्तर तक बढऩे से रामघाट, भरतघाट, राघव प्रयाग घाट और आरोग्यधाम सहित सभी प्रमुख घाट जलमग्न हो गए हैं। बाढ़ का पानी पुरानी लंका तिराहा और एमपीटी तिराहा तक पहुंच गया है, जिससे सडक़ों पर नावें चलने की स्थिति बन गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थिति 2003 की विनाशकारी बाढ़ की याद दिला रही है।चित्रकूट का प्रसिद्ध पर्यटक स्थल गुप्त गोदावरी गुफा पूरी तरह पानी में डूब गया है, जिसके चलते इसे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बंद कर दिया गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण मंदाकिनी नदी पूरे उफान पर है। रामघाट और भरतघाट पर स्थित मंदिरों और दुकानों में पानी घुस गया है, जिससे दुकानदारों को रात में ही अपना सामान समेटकर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। नगर पंचायत ने जलभराव वाले क्षेत्रों में चेतावनी बोर्ड लगाए हैं और बैरिकेडिंग कर लोगों को इन क्षेत्रों में जाने से रोकने के उपाय किए हैं।
सडक़ पर चल रही नाव
पुरानी लंका तिराहे पर सडक़ों पर पानी का तेज बहाव देखा जा रहा है, जिसके कारण स्थानीय नाविक फंसे हुए लोगों को नावों के जरिए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे न जाने और सतर्क रहने की अपील की है। मंदाकिनी नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं, जो लगातार स्थिति पर नजर रख रही हैं। लोगों को नदी के आसपास के इलाकों से हटाकर सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा रहा है और माइकिंग के जरिए लगातार चेतावनी दी जा रही है।
सतना-माधवगढ़ नदी का जलस्तर बढ़ा
जिला मुख्यालय के पास बहने वाली माधवगढ़ नदी भी उफान पर है। माधवगढ़ में बने दो पुल पानी में डूब चुके हैं, और सरिया टोला में जलभराव के कारण क्षेत्र का संपर्क टूट गया है। एसडीएम राहुल सिलाढिया ने स्थिति का जायजा लिया। सतना-मैहर मार्ग पर बरहा तिराहा उंचेहरा तक पानी पहुंचने के कारण मार्ग बंद कर दिया गया है। नदियों के किनारे बसे गांवों में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी किया है और टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं।

Next Post

मेक्सिको ने नए अमेरिकी टैरिफ को अनुचित बताया, द्विपक्षीय वार्ता शुरू की

Sun Jul 13 , 2025
मेक्सिको सिटी, 13 जुलाई (वार्ता/शिन्हुआ) मेक्सिको ने अमेरिका द्वारा घोषित नए टैरिफ को अनुचित करार दिया और दोनों पक्षों ने एक स्थायी द्विपक्षीय कार्य समूह के माध्यम से औपचारिक वार्ता शुरू की है। यह जानकारी मेक्सिको सरकार ने हवाले से शिन्हुआ ने रविवार को दी। विदेश मंत्रालय और अर्थव्यवस्था मंत्रालय […]

You May Like