जयपुर, राजधानी जयपुर में आज से तीन दिवसीय ‘कॉमनवेल्थ पीस मीडिएशन एंड रूल ऑफ लॉ कॉन्फ्रेंस’ की शुरुआत हो रही है। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य उद्घाटन शाम को देश के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत द्वारा किया जाएगा।
52 देशों के प्रतिनिधि लेंगे हिस्सा
राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में लगभग 52 राष्ट्रमंडल देशों के न्यायाधीश, विधि विशेषज्ञ और नीति-निर्माता भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
आठ उच्चस्तरीय तकनीकी सत्रों का आयोजन
इस तीन दिवसीय आयोजन के दौरान कुल आठ उच्चस्तरीय तकनीकी सत्र होंगे, जिनमें व्यावसायिक, पारिवारिक और पर्यावरणीय विवादों के शांतिपूर्ण समाधान पर मंथन किया जाएगा। सम्मेलन के अंत में ‘जयपुर डिक्लेरेशन ऑन पीस मीडिएशन-2026’ भी जारी किया जाएगा।

