
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नए अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने सीएम सचिवालय को अधिक सक्रिय और प्रभावी बनाने की कवायद शुरू कर दी है। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय के सभी अधिकारियों की बैठक लेकर कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणाओं, समाधान ऑनलाइन और अन्य प्राथमिकता वाले कार्यक्रमों में और तेजी लाई जाए।
सूत्रों के मुताबिक, मंडलोई जल्द ही सीएमओ में उप सचिव स्तर पर कुछ अधिकारियों का फेरबदल उन्ही की इच्छा के अनुरूप किया गया है। जबकि आने वाले दिनों में वह और कुछ परिवर्तन कर नई नियुक्तियां कर सकते हैं। माना जा रहा है कि वे टीम में बदलाव कर सचिवालय की कार्यप्रणाली को और बेहतर बनाना चाहते हैं।
उधर,प्रदेश में नए मुख्य सचिव की नियुक्ति को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। वर्तमान मुख्य सचिव अनुराग जैन और अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया दोनों ही अगस्त में सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अगर जैन को सेवा विस्तार नहीं मिलता, तो 1990 बैच के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. राजेश राजौरा सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं। उनके अलावा 1991 बैच के अशोक वर्णवाल और अलका उपाध्याय के नाम भी प्रमुखता से चर्चा में हैं। वहीं, अगर केंद्र सरकार ने पिछले बार की तरह हस्तक्षेप किया तो 1992 बैच के पंकज अग्रवाल की भी संभावना बन सकती है, जो फिलहाल केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर पदस्थ हैं।
