
भोपाल। सीधी ज़िले की सामाजिक कार्यकर्ता लीला साहू द्वारा गर्भवती महिला के लिए सड़क निर्माण की मांग करना भाजपा सांसद को इतना नागवार गुज़रा कि उन्होंने प्रेगनेंसी पर अश्लील टिप्पणी करते हुए ‘उठवा लेने’ जैसी धमकी दे डाली। इस पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने इसे न सिर्फ महिला विरोधी मानसिकता, बल्कि भाजपा की राजनीति में गहरे बैठे संकीर्ण सोच का प्रतीक बताया। पटवारी ने कहा कि यह केवल लीला साहू का नहीं, बल्कि हर जागरूक महिला का अपमान है। उन्होंने उज्जैन, खरगोन और जबलपुर की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा शासन में महिलाएं असुरक्षित हैं।
पटवारी ने भाजपा से सार्वजनिक माफ़ी की मांग करते हुए कहा कि सड़क, स्वास्थ्य और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों की उच्चस्तरीय समीक्षा हो। उन्होंने कहा, यदि भाजपा सांसद को यह भी बर्दाश्त नहीं कि एक महिला सवाल उठाए, तो उन्हें लोकतंत्र नहीं, तानाशाही चाहिए।”
