ऐप ऐरर: फेस कैप्चर नहीं होने से बच्चे और गर्भवती महिलाओं को नहीं मिल रहा रेडी टू ईट राशन

सीहोर. जिले में नन्हे मुन्ने बच्चों में कुपोषण का खतरा दस्तक दे रहा है और इसके लिए कोई और नहीं बल्कि महिला बाल विकास विभाग की तकनीकी गड़बड़ी के लिए जिम्मेदार पोषण ट्रैकर ऐप है .

गौरतलब है कि महिला बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केन्द्रों से छोटे बच्चों की माता को हर मंगलवार को पोषण आहार, टेक होम राशन का वितरण किया जाता है. इस टेक होम राशन की व्यवस्था के वितरण में बदलाव किया गया है, जिसके तहत कुछ माह पहले सभी महिला हितग्राहियों की केवाईसी कराई गई थी और अब वितरण व्यवस्था में फोटो कैप्चर व्यवस्था को लागू कर दिया गया है, लेकिन ऐसी शिकायतें लगातार सामने आ रही है कि जब महिलाएं आंगनबाड़ी केन्द्रों पर टेक होम राशन लेने जा रही हैं तो उनके फोटो कैप्चर नहीं हो पा रहे हैं. ऐसा बताया जा रहा है कि यदि कपड़े मिसमैच पहन लिए तो फेस कैप्चर नहीं हो रहा है। जो साड़ी या चुन्नी या जिस बैकग्राउंड में महिलाओं ने फोटो खींच कर ई केवाईसी कराई थी उसी प्रकार के कपड़े और बैकग्राउंड नहीं होने पर फोटो कैप्चर नहीं हो पा रहे हैं और यदि फोटो कैप्चर नहीं होंगे तो उन्हें टेक होम राशन नहीं मिल पाएगा. बताया जाता है कि अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में अपने वरिष्ठ अधिकारियों को भी अवगत करा दिया है लेकिन कोई भी अधिकारी इस गंभीर मामले में भी कोई कार्रवाई करता नजर नहीं आ रहा है. न ही आवश्यक कदम उठाना जरूरी समझा जा रहा है. सिर्फ महिला पर्यवेक्षकों द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर दबाव बनाया जा रहा है कि किसी भी प्रकार से फेस कैप्चर कर टेक होम राशन का वितरण करें, लेकिन ऐप में तकनीकी खराबी होने के कारण कार्यकर्ता और सहायिका इस समय काफी परेशानी की स्थिति में है. इतना ही नहीं महिला बाल विकास विभाग के शासकीय ग्रुप पर भोपाल की एक महिला अधिकारी का वॉइस मैसेज फॉरवर्ड किया जा रहा है जिसमें वह कार्यकर्ताओं को अब ई केवाईसी करने की सलाह दे रही है, लेकिन जिले में तो दो माह पहले ही महिला हितग्राहियों की केवाईसी हो चुकी है. अब तो टेक होम राशन देने के समय फेस कैप्चर ना होने की समस्या आ रही है जिसको लेकर विभाग द्वारा किसी भी प्रकार का संदेश या आदेश जारी नहीं किया गया है.

समस्या लेकर कोई कार्यकर्ता नहीं जाए आफिस

अनेक आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में शहरी परियोजना कार्यालय में पर्यवेक्षकों को अपनी इस समस्या से अवगत करा दिया है, वहीं अनेक महिला हितग्राहियों ने भी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बताया है कि फेस कैप्चर नहीं होने के कारण उन्हें टेक होम राशन नहीं मिल रहा है. बताया गया है कि हाल ही में सीहोर पदस्थ हुई महिला सुपरवाइजर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को कहा है कि कोई भी समस्या लेकर जिला कार्यालय नहीं जाएगा. जिला कार्यालय में कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को न जाने की नसीहत ऑफिशियल व्हाट्सएप गु्रप पर संदेश प्रसारित करते हुए भी दी गई है.

कार्यकर्ता व सहायिका 16 को देंगी धरना

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं पर बढ़ते अन्याय अत्याचार के खिलाफ मध्य प्रदेश आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ के पदाधिकारी कार्यकर्ता 14 जुलाई एक दिवसीय धरना प्रदर्शन करेंगे. जिला अध्यक्ष उषा राठौर ने बताया कि धरना प्रदर्शन की सूचना कलेक्टर और विभागीय अधिकारियों को लिखित में दे दी गई है. मप्र आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ भारतीय मजदूर संघ के आव्हान पर यह धरना प्रदर्शन आयोजित किया जा रहा है. बस स्टैंड स्थित गीता भवन में जिले भर की कार्यकर्ता और सहायिका एकत्रित होंगी. इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को दिया जाएगा. संघ ने समस्त पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं से प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की गई है.

फिलहाल तो ऐसी समस्या नहीं है

फिलहाल ऐसी समस्या तो नहीं है. फैस कैप्चर में हितग्राही को पलक झपकाना जरूरी है. शायद इस कारण मिस मैच हो रहा होगा. पता करता हूं

ज्ञानेश खरे,
जिला परियोजना अधिकारी

Next Post

यादव आज दिल्ली प्रवास पर

Sat Jul 12 , 2025
भोपाल, 12 जुलाई (वार्ता) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज दिल्ली के प्रवास पर रहेंगे। डॉ यादव शाम को दिल्ली जाएंगे और वहां स्थानीय कार्यक्रमों में सम्मिलित होंगे। इसके पहले वे सुबह उज्जैन में राज्यस्तरीय निषाद राज सम्मेलन एवं प्रशिक्षण 2025 में शामिल होंगे। दोपहर को वे ग्राम पंचायत […]

You May Like