खाकी की सुस्ती और व्यवस्था की लाचारी: कटनी में चोरों का दुस्साहस, क्या अपराधियों के आगे घुटने टेक चुका है तंत्र?

कटनी। शहर इन दिनों अपराधियों की सुरक्षित पनाहगाह बन चुका है, और बरगवां रोड स्थित ‘किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलर्स’ में हुई 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज चोरी ने इस सड़ चुकी व्यवस्था के चेहरे से हर एक नकाब नोच कर रख दिया है। यह कोई साधारण चोरी नहीं है, बल्कि यह कानून-व्यवस्था के माथे पर एक ऐसा कलंक है जो चीख-चीख कर कह रहा है कि सूबे में खाकी का खौफ खत्म हो चुका है और अपराधी बेखौफ होकर तांडव मचा रहे हैं।

सवाल यह उठता है कि आखिर किसकी शह पर कटनी अपराध का गढ़ बनता जा रहा है? क्या पुलिस महकमा सिर्फ बड़ी घटनाओं के बाद घटनास्थल पर पहुंचकर निरीक्षण करने और औपचारिकताएं निभाने के लिए बैठा है? *यह एक कड़वा सच है कि पुलिस का मूल काम अपराध होने से पहले उसे रोकना है, लेकिन कटनी में जो कुछ हुआ, वह यह साबित करने के लिए काफी है कि अपराध होने के बाद केवल आरोपियों को खोजना कोई सच्ची पुलिसिंग नहीं है। इसके लिए जमीनी स्तर पर मुखबिरी तंत्र और बीट सिस्टम का प्रभावी होना बेहद जरूरी है, जो पूरी तरह से ध्वस्त नजर आ रहा है।

शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक और नामचीन शोरूम की सुरक्षा में लापरवाही का यह आलम था कि पीछे की तरफ महज 9 इंच की कच्ची ईंट की दीवार खड़ी थी, कोई मजबूत कंक्रीट या स्टील गार्ड नहीं था। जिस शोरूम में 10 से 15 करोड़ के हीरे-जवाहरात रखे हों, वहां न स्ट्रॉन्ग रूम और न ही कोई पुख्ता इंतजाम—करोड़पति बनने की अंधी दौड़ में क्या व्यापारी सुरक्षा को ताक पर रख कर सो रहे थे? और अगर व्यापारी की लापरवाही थी, तो वह गार्ड क्या कर रहा था जो हूटर बजने के बावजूद अपनी गहरी नींद से नहीं जागा, न पुलिस को खबर दी और न ही संचालक को सचेत किया? उस अप्रशिक्षित गार्ड और सुरक्षा कंपनी के लापरवाह तंत्र पर गाज क्यों नहीं गिरनी चाहिए?

हदों को पार करती इस घटना का दूसरा सबसे शर्मनाक पहलू पुलिस और प्रशासन की नाकामी है। घटना के तीन-तीन दिन बीत जाने के बाद भी खाकी के नुमाइंदे मुख्य चोरों के गिरेबान तक नहीं पहुंच सके हैं। पुलिस की जांच अभी भी कुछ संदेहियों के इर्द-गिर्द और कागजी चक्कर काट रही है। प्रयागराज और दानापुर में दबिश देने के दावे खोखले साबित हो रहे हैं, क्योंकि शातिर पेशेवर गिरोह पुलिस को ठेंगा दिखाकर हवा हो चुका है। दूसरी तरफ,

शोरूम संचालक मोहन बजाज का यह रवैया भी बेहद संदेहास्पद और कटघरे में खड़ा करने वाला है कि तीन दिन बाद भी वे पुलिस को चोरी गए जेवरातों की सटीक सूची नहीं दे पाए हैं। क्या यह करोड़ों की चोरी बीमा और फर्जी क्लेम के किसी बड़े खेल का हिस्सा है या फिर पुलिस को बरगलाने की कोई सोची-समझी साजिश? ऑनलाइन स्टॉक और कंप्यूटर अपडेट होने के बावजूद विवरण छिपाने का यह खेल जनता की आंखों में धूल झोंकने के अलावा और क्या है?

जब से कटनी में यह डकैतीनुमा चोरी हुई है, तब से राजनीतिक रोटियां भी खूब सेकी जा रही हैं। विपक्ष सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहा है, गृह मंत्रालय और मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली पर सवाल दाग रहा है, लेकिन इन जुबानी जंग और सियासत के बीच पिस कौन रहा है? आम जनता और खौफ के साए में जीने को मजबूर स्थानीय व्यापारी! मणप्पुरम गोल्ड डकैती से लेकर संगीता ज्वेलर्स और एटीएम उखाड़ने तक—कटनी का इतिहास चीख-चीख कर गवाही दे रहा है कि यहां अपराधियों के हौंसले बुलंद हैं क्योंकि खाकी का खौफ कागजों तक सीमित रह गया है।

अब लीपापोती और गोलमोल बयानों से काम नहीं चलेगा। आईजी और डीआईजी के दौरों और हवाई निरीक्षणों से चोरों के दिल में डर पैदा होने वाला। पुलिस प्रशासन अगर अपनी बची-खुची साख बचाना चाहता है, तो उसे अपनी नींद त्यागनी होगी। इन शातिर और पेशेवर चोरों को बिल से बाहर निकालकर सलाखों के पीछे धकेलना ही होगा। वरना कटनी पुलिस अपनी छवि स्वयं धूमिल करेगी। हो सकता है पुलिस कुछ दिनों में घटना में लिप्त एक दो लोगों को पकडकर वाह-वही बटोर ले जैसा की पूर्व में मड़पुरम और संगीता ज्वेलर्स मामले में हो चुका है, पुलिस की सफलता तभी मानी जायेगी जब सभी आरोपी सीखचों के पीछे हों और चोरी गया पूरा माल बरामद हो। एक दो चोरों को पकडकर आंशिक सफलता के दिन अब लद गए, कटनी की जनता कप्तान साहब से पूरी सफलता की उम्मीद करती है।

Next Post

एयर होस्टेस वर्षा की धारदार हथियार से हत्या

Sun Nov 15 , 2026
बालाघाट, महाराष्ट्र की सीमा से लगे बालाघाट जिले के खैरलांजी थाना क्षेत्र के समीप महाराष्ट्र के दौनीवाड़ा थाना अंतर्गत ग्राम बोंडरानी में वैनगंगा नदी के तट पर एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां घूमने गई 35 वर्षीय एयर होस्टेस वर्षा तुरकर की धारदार हथियार से हमला कर […]

You May Like