श्रीनगर, 11 जुलाई (वार्ता) जम्मू कश्मीर के पुलिस महानिदेशक नलिन प्रभात ने शुक्रवार को दक्षिणी कश्मीर क्षेत्र की सुरक्षा समीक्षा कर तेजी से विकसित होने वाले खतरों से निपटने के लिए आकस्मिक अभ्यासों की निरंतरता पर ज़ोर दिया।
श्री प्रभात ने दूर दराज के इलाकों में निरंतर आतंकवाद-रोधी अभियानों की आवश्यकता पर भी बल दिया।
पुलिस की ओर से जारी बयान के मुताबिक श्री प्रभात ने दक्षिण कश्मीर रेंज के उप महानिरीक्षक जावेद मट्टू, दक्षिण कश्मीर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और भारतीय सेना, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल एवं सीमा सुरक्षा बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने वर्तमान में जारी श्री अमरनाथजी यात्रा को सुरक्षित रखने में सभी सुरक्षा बलों की अथक प्रतिबद्धता की सराहना की।
उन्होंने आकस्मिक अभ्यासों की निरंतरता पर बल देते हुए उभरते खतरों से गतिशील रूप से निपटने के लिए अभ्यासों को परिष्कृत करने के अलावा संदिग्ध क्षेत्रों का आकलन और इस बाबत किसी भी स्थिति से निपटने की अनिवार्य आवश्यकता पर ज़ोर दिया।
गौरतलब है कि इस वर्ष की वार्षिक अमरनाथ यात्रा तीन जुलाई को दो मार्गों से शुरू हुई । ये अनंतनाग जिले में पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबा नुनवान-पहलगाम मार्ग और गंदेरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग है। अब तक 1.25 लाख से ज़्यादा यात्री अमरनाथ गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
