नयी दिल्ली, 11 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शुक्रवार को कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने के लिए विभाग सभी 1967 उचित मूल्य की दुकानों पर ई-पॉस मशीनों को डिजिटल वज़न मशीनों से जोड़ने की प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
श्री सिरसा ने खाद्य विभाग के अधिकारियों और दिल्ली सरकारी राशन डीलर्स संघ के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के बाद आज यह जानकारी दी। उन्होंने कहा “ई-पॉस और वज़न मशीनों का एकीकरण के साथ उपयोग लम्बे समय से अपेक्षित सुधार है, जिससे मैन्युअल गड़बड़ियाँ खत्म होंगी, लाभार्थियों की पहचान रियल टाइम में होगी, और उन्हें सही मात्रा में राशन मिलना सुनिश्चित होगा।” उन्होंने विभागीय अधिकारियों और उचित मूल्य की दुकानों के डीलरों को निर्देश दिए कि ई-पॉस मशीनों का नियमित रख-रखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि तकनीकी कारणों या संचालन में गड़बड़ी की वजह से किसी भी योग्य लाभार्थी को राशन से वंचित न होना पड़े।
उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत पात्र लाभार्थियों को राशन देने से इनकार करने वाले डीलरों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही, हर उचित मूल्य की दुकान पर एक राष्ट्र एक राशन कार्ड पात्रता की जानकारी डिस्प्ले बोर्ड पर स्पष्ट रूप से दिखायी जाए, ताकि प्रवासी लाभार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो।”
बैठक के दौरान डीलरों द्वारा उठाए गए संचालन संबंधी मुद्दों पर श्री सिरसा ने आश्वासन दिया कि समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाएगा और सरकार पीडीएस व्यवस्था को मज़बूत करने के लिए साझा प्रयासों के साथ काम करती रहेगी।
