‘सेमीकॉन इंडिया 2025’ सम्मेलन एवं प्रदर्शनी 2-4 सितंबर तक राजधानी के यशोभूमि में

नयी दिल्ली,11 जुलाई (वार्ता) डिजिटल प्रौद्योगिकी क्षेत्र की भारत की प्रतिष्ठित प्रदर्शनी ‘सेमीकॉन इंडिया 2025 और इससे जुड़े सम्मेलन के चौथे संस्करण का आयोजन राजधानी के यशोभूमि में इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर में इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) और सेमी द्वारा संयुक्त रूप से दो से चार सितंबर आयोजित किया जा रहा है।
इस प्रदर्शनी और सम्मेलन का मुख्य विषय है- ‘अगले सेमीकंडक्टर पॉवर हाउस का निर्माण।’ सेमीकॉन इंडिया 2025 में 18 देशों और इन क्षेत्रों की 300 से ज़्यादा कंपनियां भाग लेंगी, जो सामग्री और उपकरणों से लेकर सिलिकॉन, डिज़ाइन और सिस्टम तक, संपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक्स मूल्य श्रृंखला का प्रदर्शन करेंगी। भागीदारी का दायरा और विविधता वैश्विक सेमीकंडक्टर इकोसिस्‍टम में भारत के बढ़ते एकीकरण का संकेत देती है।
इलेक्ट्रानिक्स एवं आईटी मंत्रालय की शुक्रवार को जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार, “ यह आयोजन माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक्स और सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला में भारत की बढ़ती क्षमताओं और महत्वाकांक्षाओं को प्रदर्शित करेगा।” मंत्रालय ने कहा है कि वैश्विक स्तर पर डिजिटल क्षेत्र के घटनाक्रमों की चुनौतियों का सामना करने के लिए सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखलाओं को मज़बूत बनाने और अगली पीढ़ी की तकनीकों को अपनाने के प्रयासों के साथ कदम बढ़ाते हुए भारत वैश्विक चिप इकोसिस्‍टम में एक प्रमुख राष्‍ट्र के रूप में तेज़ी से उभर रहा है। ”
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आईएसएम के तत्वावधान में आयोजित, सेमीकॉन इंडिया , नीति, उद्योग, शिक्षा और निवेश समुदायों में वैश्विक और घरेलू हितधारकों को एकजुट करने के लिए एक उच्च प्रभाव वाले मंच के रूप में कार्य करेगा।
प्रदर्शनी में जापान, दक्षिण कोरिया, सिंगापुर और मलेशिया से चार अंतर्राष्ट्रीय मंडप शामिल होंगे, जबकि पिछले संस्करणों में कोई भी मंडप नहीं था। इसके अलावा, पहली बार आठ देशों के गोलमेज सम्मेलन भी आयोजित किये जा रहे हैं, जो भारत और प्रमुख साझेदार देशों की कंपनियों को द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ावा देने के लिए एक साथ लायेंगे।
कौशल विकास और भविष्य की तैयारी को बढ़ावा देने के लिए, पहली बार छात्रों और अभियंताओं के लिए प्रशिक्षण, कौशल उन्नयन और कार्यबल विकास कार्यक्रम शुरू किए जायेंगे, जिनमें युवा प्रतिभाओं का मार्गदर्शन करने के लिए करियर परामर्श भी शामिल होगा।
विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान यशोभूमि में एक विशेष सेमीकंडक्टर डिज़ाइन स्टार्टअप मंडप भी होगा, जो नवाचार-आधारित चिप डिज़ाइन उद्यमों के लिए एक मंच प्रदान करेगा। इसके अतिरिक्त, इस वर्ष नौ राज्य सरकारों के पैवेलियन भाग लेंगे, जबकि पिछले संस्करण में छह थे।
इंडिया सेमीकंडक्टर मिशन (आईएसएम) और सेमी ने इस आयोजन में भाग लेने वालों के पंजीकरण के लिए सेमीकॉनइंडिया.ओआरजी वेबसाइट शुरू की है।

Next Post

बुमराह ने दिये तीन झटके, लेकिन स्मिथ के अर्धशतक ने इंग्लैंड को उबारा

Fri Jul 11 , 2025
लंदन 11 जुलाई (वार्ता) जसप्रीत बुमराह (चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी के दम भारत ने शुक्रवार को तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन लंच तक इंग्लैंड के 353 के स्कोर पर सात विकेट गिरा दिये। लेकिन जेमी स्मिथ (नाबाद 51) ने साहसिक अर्धशतक लगाकर मेजबान टीम को उबार लिया। कल […]

You May Like