
मंडला। शुक्रवार की दोपहर करीब 3 बजे नेशनल हाईवे 30 पर तिंदनी पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे ने जनमानस को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार ट्रक ने एक कार को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही एक महिला की मौत हो गई जबकि कार में सवार दो पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को जबलपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए लोग शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी हैं। राजुल होंडा के संचालक राकेश अग्रवाल अपनी पत्नी और एक अन्य व्यक्ति के साथ कार में सवार थे। हादसे में राकेश अग्रवाल की पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राकेश अग्रवाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल से जबलपुर रेफर किया गया है। साथ में मौजूद दूसरे व्यक्ति का इलाज मंडला जिला अस्पताल में जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिंदनी पेट्रोल पंप के पास यह क्षेत्र हादसों के लिए कुख्यात हो चुका है। पूर्व में भी कई जानलेवा दुर्घटनाएं इसी स्थान पर हो चुकी हैं, लेकिन न तो ट्रैफिक कंट्रोल के लिए ब्रेकर बनाए गए हैं, न ही कोई चेतावनी बोर्ड या स्पीड नियंत्रण के उपाय प्रशासन की ओर से किए गए हैं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों में आक्रोश देखा गया। लोगों का कहना है कि बार-बार जानें जाने के बावजूद प्रशासन चुप्पी साधे हुए है। ट्रकों की अनियंत्रित रफ्तार और हाइवे पर सुरक्षा के उपायों की कमी लगातार हादसों को न्यौता दे रही है।
