वीरेंद्र वर्मा
इंदौर:मध्यप्रदेश में भी गुजरात जैसी दुर्घटना होने का अंदेशा हो रहा है! इंदौर से 60 किलोमीटर दूरी पर नर्मदा नदी पर बना मोरटक्का पुल भी जर्जर अवस्था में है. उक्त पुल की उम्र पूरी हो चुकी है. नर्मदा नदी पर बने मोरटक्का पुल से बड़ी संख्या में महाराष्ट्र की ओर से आने जाने वाले भारी वाहन गुजरते हैं. पांच वर्ष पहले मोरटक्का पुल में भारी दरारें आ गई थी और रास्ता करीब एक माह से ज्यादा समय तक बंद रहा था.
कल गुजरात के बड़ौदा का महिसागर पुल टूट कर गिर गया, जिसमें 14 लोगों की मौत एवं 30 से ज्यादा लोग घायल हो गए. पुल गिरने का कारण जर्जर अवस्था में था. मध्यप्रदेश में खंडवा जिले की बड़वाह तहसील के तहत मोरटक्का में नर्मदा नदी पर दो लेन ब्रिज है. यह ब्रिज 75 साल पुराना हो गया है. इंदौर से यह ब्रिज 60 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. उक्त ब्रिज से रोजाना करीब 5 हजार से ज्यादा वाहन गुजरते हैं. करीब 5 साल पहले सन् 2020 में मोरटक्का ब्रिज का एक सिरा बैठ गया था और पुल में दरारें आ गई थी. इंदौर के जीएसआईटीएस कॉलेज की टीम ने ब्रिज को सुधारा था. शासन ने उक्त ब्रिज को लेकर रिपोर्ट भी बनवाई थी, लेकिन आज तक उक्त ब्रिज की रिपोर्ट उजागर नहीं की गई.
रिपोर्ट में 20 टन से ज्यादा भारी वाहन उठाने के क्षमता नहीं
इंदौर जीएसआईटीएस के डायरेक्टर डॉ. सक्सेना ने 2020 में क्षतिग्रस्त पुल के विषय में रिपोर्ट दी थी कि मोरटक्का पुल पर से 20 टन से ज्यादा वाहन गुजरे तो खतरा है. आज स्थिति यह है कि उक्त पुल से 50 से 80 टन वजनी भारी वाहन गुजर रहे हैं. पुल की रैलिंग कई जगह से टूटी हुई है. सड़क निर्माण के कारण उक्त पुल पर भी आए दिन जाम लगता है.
नए ब्रिज में अभी 6 माह का समय और लगेगा
इंदौर इच्छापुर फोरलेन सड़क निर्माण कार्य चल रहा है. सड़क बनाने वाली कंपनी ही नर्मदा नदी पर 6 लेन ब्रिज का निर्माण कर रही है. यह ब्रिज करीब 1275 मीटर लंबा बनाया जा रहा है. इसकी ऊंचाई भी वर्तमान मोरटक्का ब्रिज से दो गुना से भी ज्यादा है. एनएचएआई के रीजनल डायरेक्टर प्रतीक यादव ने बताया कि नर्मदा पर निर्माणाधीन नए 6 लेन ब्रिज का काम दिसंबर तक पूरा हो जाएगा.
5 जिलों के लाखों लोग रोजाना करते हैं आना जाना
महाराष्ट्र को बुरहानपुर के रास्ते से जोड़ने वाले मोरटक्का पुल पर से रोजाना लाखों लोग आना जाना करते है. उक्त ब्रिज से पांच जिले बुरहानपुर, खंडवा, बड़वानी, खरगोन और इंदौर के निवासी गुजरते है. खास बात यह है कि मोरटक्का से मात्र 13 किलोमीटर की दूरी पर प्रसिद्ध ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग है, जिसके दर्शन के लिए देश विदेश से हजारों की संख्या में दर्शनार्थी और पर्यटक आना जाना करते है.
कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री को शिकायत की
कांग्रेस नेता राकेशसिंह यादव ने मोरटक्का पुल के पुराने और जर्जर होने को लेकर प्रधानमंत्री से शिकायत की है. यादव ने शिकायत में पुल से संबंधित पूरी जानकारी दी है. साथ ही चेताया कि नया पुल जल्दी नहीं बना तो मध्यप्रदेश में भी गुजरात के महिसागर पुल जैसा हादसा होगा
