
ग्वालियर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरुवार को भाजपा के सभी मंडलों में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं द्वारा संत महात्माओं का फूल माला, शॉल श्रीफल, मिठाई और गुरू दक्षिणा देकर सम्मान किया गया और उनका आशीर्वाद लिया।
इस अवसर पर भाजपा नेताओं ने कहा कि गुरुजन, साधु-संत व्यक्ति और समाज के पथ प्रदर्शक होते हैं। देश व राष्ट्र निर्माण में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा पर आयोजित विशेष कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल श्रद्धा का प्रतीक बनना है, बल्कि सनातन परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन का माध्यम भी बनाना है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा आयोजित यह सम्मान कार्यक्रम न केवल श्रद्धा और संस्कृति का संगम है, बल्कि एक सामाजिक कर्तव्य के निर्वहन की दिशा में एक सशक्त पहल भी साबित होगा।
संत रविदास मंडल द्वारा संत कृपाल सिंह महाराज का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर, मंडल अध्यक्ष लवी खंडेलवाल मौजूद थे। महारानी लक्ष्मीबाई मंडल द्वारा दयाराम विदुआ जी का सम्मान किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अशोक शर्मा व महारानी लक्ष्मीबाई मंडल के अध्यक्ष अरुण बाजपेई, वीरेंद्र कटारे, उमेश गुप्ता, राजेश तोमर, ओमप्रकाश नामदेव, प्रदीप कश्यप, पार्षद सोनू त्रिपाठी उपस्थित रहे। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मंडल द्वारा योगी सद्गुरु अन्ना महाराज मंदिर के महंत मनीष अन्ना महाराज का पूजन शॉल एवं श्रीफल देकर सम्मान किया गया।
