नयी दिल्ली, 10 जुलाई (वार्ता) शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत गैर लाभकारी संगठन एनआईआईटी फाउंडेशन ने यूनिसेफ के साथ मिलकर नयीडिजिटलदिशा अभियान के तहत वंचित इलाकों के कमजोर समुदायों के युवाओं को डिजिटल मार्केटिंग का एक ओपन ऑनलाइन पाठ्यक्रम शुरू किया है।
बुधवार को जारी एक अधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए फाउंडेशन ने कहा कि यूनिसेफ इस पहल में युवाह फोरम के माध्यम से जुड़ रही है, जिसे उसने सरकार, निजी कंपनियों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, सामाजिक संस्थाओं, फाउंडेशनों और खुद युवाओं के साथ मिलकर भारत में जनरेशन अनलिमिटेड (जेनयू) के रूप में शुरू किया है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य कमजोर समुदाय के युवाओं को डिजिटल कौशल सिखाना और उन्हें नौकरी के लिए तैयार करना है। यह पाठ्यक्रम अभी राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में दूरदराज या कमजोर समुदायों के युवाओं के लिए चलाया जा रहा है, जिन्हें अच्छी डिजिटल शिक्षा आसानी से नहीं मिली है।
इन युवाओं को राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीईटी) के मूल्यांकन पर आधारित और एनएसडीसी द्वारा प्रमाणित सर्टिफिकेट मिलेगा। यह पाठ्यक्रम छह महीने का होगा और यह देश के तीन राज्यों में 500 से ज्यादा युवाओं को फायदा पहुंचायेगा।
एनआईआईटी फाउंडेशन ने कहा है कि यह पाठ्यक्रम उद्योग जगत की सलाह से तैयार किया गया है।
एनआईआईटी फाउंडेशन के निदेशक (भारत) चारु कपूर ने कहा, “ यह पाठ्यक्रम आठ हफ्तों का है। पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद छात्रों को एनआईआईटी फाउंडेशन और युवाह, यूनिसेफ द्वारा इंडस्ट्री-मान्य सर्टिफिकेट मिलेगा। इस सर्टिफिकेट से उन्हें नौकरी पाने में मदद मिलेगी। ”
संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी यूनाइटेड नेशंस चिल्ड्रन्स फंड ( यूनिसेफ) दुनिया भर के बच्चों की बेहतरी के लिए काम करती है। इसने युवाह नाम से एक ऐसा प्लेटफॉर्म शुरू किया है जो कई संगठन मिलकर युवाओं के लिए रोजगार परक शिक्षण-प्रशिक्षण स्कूल या पढ़ाई से आगे बढ़कर नौकरी और जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में कदम बढ़ा सकें। यूनिसेफ ने इसे सरकार, निजी कंपनियों, संयुक्त राष्ट्र एजेंसियों, सामाजिक संस्थाओं, फाउंडेशनों और खुद युवाओं के साथ मिलकर भारत में जनरेशन अनलिमिटेड (जेनयू) के रूप में शुरू किया है। भारत में युवाह का लक्ष्य है कि साल 2030 तक 10 करोड़ युवाओं को अच्छे करियर और रोजगार के अवसर मिलें।
एनआईआईटी फाउंडेशन (एनएफ) को एनआईआईटी के प्रवर्तकों ने दो दशक पहले शुरू किया। यह एक नॉन-फॉर प्रॉफिट एजुकेशन सोसायटी (एनजीओ) है। इसका मिशन एजुकेशनल पहल और स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रमों के माध्यम से देश के वंचित लोगों पर सकारात्मक प्रभाव डालना है।
