नयी दिल्ली 10 जुलाई (वार्ता) विदेशी बाजारों से तेजी के संकेतों के बीच स्थानीय खाद्य तेल बाजार में गुरुवार को विभिन्न तेलों के भाव चढ़े हुये थे। दालों में सामान्य मांग-पूर्ति के बीच मिला जुला रुख देखा गया।
अनाज बाजार में चावल ऊंचे भाव पर बोला गया जबकि गेहूं और गेहूं आटा के भाव थोड़े नरम रहे। गुड़ में तेजी दर्ज की गयी।
तेल-तिलहन : स्थानीय थोक बाजार में गुरुवार को पाम ऑयल रिफाइंड में वैश्विक संकेतों से प्रति क्विंटल करीब 35 रुपया तेज हो गया। मूंगफली तेल में भी प्रति क्विंटल 14 रुपये की तेजी दर्ज की गयी। सरसों तेल 32 रुपये तेज बोला गया। वनस्पति में 17 रुपये और तेल सूरजमुखी में 11 रुपये की तेजी रही। विदेशों से तेजी के संकेतों के बावजूद तेल सोया चार रुपये नरम रहा।
वैश्विक स्तर पर मलेशिया के बुरसा डेरिवेटिव एक्सचेंज में पाम ऑयल का नजदीकी वायदा भाव दिन में 27 रिंगिट यानी 0.65 प्रतिशत की तेजी के साथ 4184 रिंगिट प्रति टन पर चल रहा था। पाम आयाल का बाजार पिछले चार दिन से तेज है।
अमेरिकी सोयाबीन तेल का अगस्त वायदा कारोबार कल रात 0.34 सेंट (0.64 प्रतिशत) की तेजी के साथ 53.62 सेंट प्रति पौंड के भाव पर चल रहा था।
दाल दलहन बाजार में चना 26 रुपये और मसूर दाल के भाव प्रति क्विंटल 31 रुपये तक चढ़ गये। तुअर और उड़द में नरमी रही। दाल मूंग में 16 रुपये की तेजी दर्ज की गयी।
गेहूं-चावल: बाजार में चावल के भावों करीब 25 रुपये तक की तेजी दिखी। गेहूं सात रुपये नरम रहा, जबकि आटा नरमी की धारणा के साथ करीब करीब कल के स्तर पर बोला गया।
गुड़-चीनी : बाजार में गुड़ का भाव मांग के समर्थन से 33 रुपये चढ़ गया था। चीनी के भाव करीब-करीब कल के स्तर पर रहे।
