
ग्वालियर। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक नशे में धुत युवक अपनी कार को लेकर सीधे प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर लेकर पहुंच गया। इस घटना से यात्रियों और स्टेशन स्टाफ में हड़कंप मच गया। प्लेटफॉर्म पर मौजूद आरपीएफ जवानों ने सक्रियता दिखाते हुए युवक को कार समेत दबोच लिया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
पुलिस में आरोपी कार चालक का मेडिकल कराने के बाद उसके खिलाफ यात्रियों की जान खतरे में डालने और रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने गुरुवार दोपहर को युवक को रेलवे कोर्ट में पेश किया। जहां रेलवे कोर्ट ने उस पर चालानी कार्रवाई करने के बाद उसे जमानत देकर छोड़ दिया है।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर कार लेकर पहुंचा नितिन राठौर, महाराजपुरा स्थित आदित्यपुरम का रहने वाला है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि उसने पिछली रात ज्यादा शराब पी ली थी, जिससे उसे होश नहीं था। इसी कारण वह अपनी ब्लेंजा कार लेकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया। उसे यह भी याद नहीं था कि वह कार लेकर कहां जा रहा है।
*शराब को लेकर पत्नी से हुआ था झगड़ा*
बताया जा रहा है कि युवक का अपनी पत्नी से शराब को लेकर विवाद हो गया था और पत्नी नाराज होकर मायके जाने के लिए स्टेशन पहुंची थी, उसी को मनाने के लिए वह अपनी कार को लेकर स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर पहुंच गया था लेकिन आरपीएफ पुलिस ने इसको लेकर कोई पुष्टि नहीं की है, आरपीएफ पुलिस का कहना है कि आरोपी कार चालक ने पूछताछ में शराब के नशे में होना बताया था।
