द्वारकापुरी में देर रात उपद्रव पुलिस पर हमला, पत्थरबाजी और हिंदूवादी नेता की कार में तोड़फोड़

इंदौर:द्वारकापुरी क्षेत्र में बुधवार रात ड्यूटी पर जा रहे एक हेड कॉन्स्टेबल पर कुछ युवकों ने अचानक हमला कर दिया. डंडों और पत्थरों से किए गए इस हमले में पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि मौके पर खड़ी एक हिंदूवादी नेता की कार को भी उपद्रवियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया.द्वारकापुरी थाना क्षेत्र के लाल ब्रोडी के पास बुधवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब डायल 100 एफआरवी वैन पर तैनात हेड कॉन्स्टेबल मुन्नालाल चौहान पर कुछ युवकों ने बर्बर हमला कर दिया. वे क्षेत्र में तेज आवाज में बज रहे डीजे की शिकायत पर मौके पर जा रहे थे.

रास्ते में कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे, जिन्हें शांत कराने की कोशिश में मुन्नालाल ने जैसे ही वाहन से उतरकर हस्तक्षेप किया, तभी उपद्रवियों ने डंडों और पत्थरों से उन पर टूटकर हमला कर दिया. हमले में कॉन्स्टेबल के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं. घायल हालत में मुन्नालाल ने थाने पर सूचना दी, जिसके बाद टीआई सुशील पटेल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. हमले के आरोपियों को घेराबंदी कर पकड़ लिया और थाने ले आए. इस दौरान हिंदूवादी नेता पवन शर्मा की कार भी उपद्रवियों के निशाने पर आ गई. पथराव में उनकी कार के कांच तोड़ दिए गए और वाहन को नुकसान पहुंचा.

पुलिस ने पीड़ित हेड कॉन्स्टेबल की शिकायत पर हत्या के प्रयास, शासकीय कार्य में बाधा और बलवे की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है. वहीं पवन शर्मा की शिकायत पर कार में तोड़फोड़ और उपद्रव को लेकर अलग से प्रकरण दर्ज कर ऋषि पैलेस कॉलोनी में रहने वाले पीयुष पिता जीतू, रोहित पिता करण, पवन पिता रामराज, आकाश, विकास और किशन को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है. मामले में थाना प्रभारी का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान की जा रही है, सभी आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

रीवा संभाग में अब तक मऊगंज में सबसे ज्यादा हुई वर्षा

Thu Jul 10 , 2025
रीवा: प्रदेश के अन्य जिलो में जहा झमाझम बारिश हो रही है. वही रीवा में पिछले चार दिन से बारिश थमी हुई है. जिसके चलते उमस भरी गर्मी शुरू हो गई है. हालाकि इस बीच खरीफ की बोनी के लिये किसानो को समय जरूर मिला गया है. धान के रोपा […]

You May Like