सतना :जिले के उचेहरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राम पथ गमन मार्ग पर स्थित बांधी मौहार गांव में बुधवार को उस वक्त हडक़ंप मच गया जब एक खेत में नर कंकाल नजर आया. पुलिस द्वारा मृतक की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं.प्राप्त जानकारी के अनुसार उचेहरा थााना पुलिस को खेत में नर कंकाल मिलने की सूचना प्राप्त हुई थी. घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरु की.
राम पथ गमन मार्ग पर बांधी मौहार गांव में रोहित जायसवाल नामक व्यक्ति के खेत में नर कंकाल को देख पुलिस टीम भी हैरान रह गई. खेत में काम करने वाले सूर्यभान पटेल ने जब अस्थियां पड़ी देखीं तो पुलिस को सूचित किया. पुलिस द्वारा सावधानी बरतते हुए नर कंकाल को बाहर निकलवाया गया. नर कंकाल के निकट ही स्लेटी रंग की जींस पैंट, चौकड़ी रंग की फुल शर्ट और भूरे रंग की हवाई चप्पल भी पड़ी मिली. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुला लिया गया. फोरेंसिक टीम द्वारा घटना स्थल व आस पास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की.
इसी कड़ी में पुलिस द्वारा स्थानीय लोगों से मृतक के संबंध में पूछताछ की गई. लेकिन मृतक के बारे में कोई भी जानकारी सामने नहीं आ सकी. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा नर कंकाल को उचेहरा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया गया. पुलिस के अनुसार खेत में मिला नर कंकाल 3-4 महीने पुराना होने की संभावना है. जिसके चलते पुलिस द्वारा सभी थानों को सूचना देते हुए गुमशुदा इंसानों की जानकारी मांगी जा रही है. इसी कड़ी ममें सोशल मीडिया के जरिए भी मृतक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान होने और कंकाल की वैज्ञानिक जांच होने के बाद ही घटना के बारे में कोई जानकारी सामने आ सकेगी. जिसके आधार पर आगे की जांच कार्रवाई शुरु की जाएगी.
