
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले के शासकीय स्कूल बम्होरी डूडर में लापरवाही पर प्रभारी प्रधानाध्यापक मूल पद माध्यमिक शिक्षक तुलसीराम अहिरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला बम्होरी डूडर, विकासखंड सागर का जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संस्था बंद पाई गई। विद्यालय का मुख्य द्वार छात्र-छात्राओं एवं ग्रामवासियों की उपस्थिति में तुड़वाया गया।उपस्थिति पंजी से ज्ञात हुआ कि संस्था में कुल 8 शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से केवल एक शिक्षक अवकाश पर थे एवं शेष शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। विद्यालय परिसर अत्यधिक गंदगी से भरा हुआ मिला। छात्रों एवं ग्रामवासियों ने बताया कि विद्यालय समय पर नहीं खुलता और समय से पहले बंद कर दिया जाता है। प्रभारी प्रधानाध्यापक तुलसीराम अहिरवार के द्वारा विद्यालय पर उचित नियंत्रण नहीं पाया गया एवं पदीय कर्तव्यों के निर्वहन में घोर लापरवाही दृष्टिगत हुई। श्री अहिरवार को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी, देवरी नियत किया गया है।
साथ ही हाई स्कूल गुड़ा, प्राथमिक शाला गुड़ा, हाई स्कूल डोंगरसरा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सानोधा का निरीक्षण किया गया जिसमें सुलभा शर्मा, चेतन जैन, स्वीटी राजपूत, नीलेश जैन, ममता अहिरवार, राकेश पटेल, तुलसीराम अहिरवार, सुषमा चढ़ार, सीमा अहिरवार, राखी गौड़, रिचा द्विवेदी ये सभी शिक्षक अनुपस्थित पाए गए जिनके एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए।
