
सागर। विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने बुधवार को भोपाल प्रवास के दौरान मध्यप्रदेश शासन के यशश्वी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर उनसे कैंट छावनी क्षेत्र के नगर पालिका निगम में विलय को लेकर चर्चा की। उन्होंने बताया कि प्रदेश भर में कैंट क्षेत्र के नगरीय निकायों में विलय को लेकर कार्य किया जा रहा है सागर में भी यह विषय बहुत महत्वपूर्ण है जो लंबे समय से लंबित है। उन्होने इसके शीघ्र निराकरण के लिए आग्रह किया। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री महोदय से सागर नगर निगम की सीमा वृद्धि के प्रस्ताव को स्वीकृत करने की मांग करते हुए बताया कि सीमा वृद्धि के अभाव में हमारा विकास अवरुद्ध हो गया है,सागर नगर की बढ़ती जनसंख्या के अनुरूप सुनियोजित और सुव्यवस्थित विकास के लिए नगर निगम की सीमा वृद्धि अत्यंत आवश्यक है ताकि विकास कार्यों हेतु और अधिक भूमि उपलब्ध हो सके।उन्होंने सागर के काकागंज वार्ड में विगत दिनों घटित दुर्घटना मे मृतक प्रहलाद अहिरवार के परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की जिस पर मुख्यमंत्री महोदय ने 1 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की जिसके लिए विधायक जैन ने उनका धन्यवाद व्यक्त किया।
