जकार्ता 08 जुलाई (वार्ता) इंडोनेशिया के बाली जलडमरूमध्य में बुधवार शाम को एक यात्री जहाज के डूबने की घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर 10 हो गयी है।
बाली में खोज और बचाव कार्यालय के प्रमुख आई न्योमन सिदकार्य ने मंगलवार को शिन्हुआ को बताया, “आज मृतकों की संख्या 10 हो गयी और 30 यात्रियों को बचा लिया गया जबकि 25 अन्य अभी लापता हैं। ”
उन्होंने कहा कि आज के खोज और बचाव प्रयासों में कई गोताखोरों और पानी के नीचे की पहचान तकनीक से लैस जहाजों की मदद से खोज अभियान जारी रहेगी। श्री न्योमन ने कहा, “ जहाजों और तेज हवा के बीच भी काम करने वाली नावों का उपयोग करके सतह पर खोज अभियान अभी जारी है। ”
पूर्वी जावा प्रांत के खोज एवं बचाव कार्यालय से एक वरिष्ठ अधिकारी नाेविता निर्मला ने कहा, “ हवाई खोज भी की जा रही है।” उन्होंने कहा कि 10 पीड़ितों में दो को आज सुबह बरामद कर लिया गया। उन्होंने कहा कि दो पीड़ितों की पहचान अभी तक नहीं हुई है।
