
इंदौर।नवागत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हसानी ने पदभार ग्रहण करते ही अपनी पहली कार्रवाई में नव-निर्मित जिला अस्पताल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी एक माह में सौ बिस्तरों वाले अस्पताल को शुरु करने की घोषणा की, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के नागरिकों को शीघ्र सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ मिल सकें.
निरीक्षण के दौरान अस्पताल के आरएमओ डॉक्टर सतीश नीमा, प्रबंधक प्रगेश भट्ट, गृहनिर्माण विभाग की इंजीनियर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान डॉ. हसानी ने निर्माण एजेंसी से कार्य में और तेजी लाने के निर्देश दिए. अस्पताल निर्माण में हो रही देरी को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. हसानी ने बताया कि निर्माण कंपनी ने मार्च 2026 तक समस्त कार्य पूर्ण करने का आश्वासन दिया है. उन्होंने कहा कि काम की गति और गुणवत्ता की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि कोई और विलंब न हो. निरीक्षण के दौरान कल करंट लगने से एक श्रमिक की हुई मृत्यु पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता दिलवाई जाएगी. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्माण कंपनी को जिम्मेदारी तय करते हुए मुआवजा दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी. वहीं डॉ. हसानी ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शासन की मंशा को पूरी तत्परता से लागू किया जाएगा और जिला अस्पताल को शहर के लिए एक मॉडल हेल्थ सेंटर के रूप में विकसित किया जाएगा.
