
जबलपुर। गोसलपुर में 19 वर्षीय युवती की आत्महत्या मामले में फरार चल रहे आरोपी ऋषभ सिंह परिहार को पुलिस ने कुसनेर गांव से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी जबलपुर छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने उसे समय रहते दबोच लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जल्द ही न्यायालय में चालान पेश किया जाएगा। प्रारंभिक पूछताछ में ऋषभ ने बताया कि उसकी युवती से जान-पहचान पिछले तीन वर्षों से थी। जब युवती जबलपुर में पढ़ाई कर रही थी, तब दोनों में दोस्ती हुई थी। घटना वाले दिन ऋषभ दोपहर करीब 3:30 बजे युवती के घर के पीछे वाले गेट से घुसा था। दरवाजा न खोलने को लेकर विवाद हुआ। आरोपी पहले भी युवती से मारपीट कर चुका था, जिसकी शिकायत पर वह जेल गया और हाल ही में जमानत पर छूटा था।
युवती ने की थी आत्महत्या
30 जून को युवती ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय उसके माता-पिता जबलपुर में थे और भाई काम पर गया हुआ था। लौटने पर काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद परिजनों ने दरवाजा तोड़कर शव को फंदे पर लटका पाया।
