
भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी भोपाल में गुरुवार शाम से शुरू हुई तेज बारिश से सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। राज्य के महाकौशल क्षेत्र के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं और कुछ गांवों में बाढ़ के हालात बन गए हैं।
राज्य में बीते कुछ दिनों से जारी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार शाम से भोपाल में बारिश का दौर शुरू होने से शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया और हमीदिया रोड जैसे प्रमुख क्षेत्रों में घुटनों तक पानी जमा हो गया, जिससे यातायात पर असर पड़ा। वहीं, मंडला जिले के कई गांवों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने मंडला समेत 7 जिलों जबलपुर, डिंडौरी, बालाघाट, श्योपुर, शिवपुरी और गुना में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले 24 घंटों में इन इलाकों में 8 इंच तक बारिश हो सकती है। इसके अलावा 23 जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आगामी 4 दिनों तक प्रदेश भर में तेज बारिश का दौर जारी रहेगा।
