पहले होगा सीमांकन फिर टूटेगा अतिक्रमण

सीहोर. शहर के भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक बनने वाली टू लेन सड़क निर्माण की राह में अब सीमांकन का रोड़ा आ गया है. अतिक्रमण हटाने को लेकर मुख्य नगरपालिका अधिकारी ने एसडीएम को पत्र लिखकर इंग्लिशपुरा क्षेत्र का सीमांकन करने की मांग की है. इसके अलावा इंग्लिशपुरा के नागरिकों ने कलेक्टर से मिलकर गुहार लगाई है.

गौरतलब है कि शहर के भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक टूलेन रोड का निर्माण लंबे समय से लंबित पड़ा है. सड़क निर्माण की जद में क्षेत्र के शताधिक मकान व दुकान आ रहे हैं. ऐसे में नगरपालिका द्वारा अतिक्रमण हटाने के लिए दो बार नोटिस थमाए गए हैं. इसके अलावा मकानों पर लाल निशान भी लगा दिए थे, लेकिन कहानी इससे आगे नहीं बढ़ सकी थी. मंगलवार को एक बार फिर नगरपालिका ने कोतवाली चौराहा से भोपाल नाका तक लाउडस्पीकर से मुनादी करते हुए लोगों को अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी थी.

नपा की इस मुनादी के अलावा नपा के सहायक यंत्री विजय कोली एवं राजस्व विभाग के पटवारी संजय राठौर एवं अमला क्षेत्र के घर- घर पहुंचा था और लोगों को अपने मकानों व दुकानों का अतिक्रमण हटाने निर्देशित किया था. उसके बाद से ही क्षेत्र के रहवासियों व दुकानदारों में हड़कंप का माहौल बना हुआ था. गुरुवार को क्षेत्र के अनेक रहवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर बालागुरू के के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे.

इधर अतिक्रमण हटाने को लेकर हो रहे भारी विरोध को देखते हुए नपा भी बैकफुट पर आ गई है. 24 घंटें में अतिक्रमण हटाने का अल्टीमेटम देने के बाद नपा आगे की कार्रवाई करने में हिचक रही है. यही कारण है कि नपा ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय को पत्र लिखकर क्षेत्र का सीमांकन कराने को कहा है ताकि तय सीमा से अधिक पाए जाने वाले निर्माण को तोडऩे में उन्हें किसी उलझन का सामना न करना पड़े. अब जब तक इंग्लिशपुरा क्षेत्र के मकानों का सीमांकन नहीं हो जाता तब तक नपा की अतिक्रमण विरोधी मुहिम शिथिल रहने के आसार हैं.

कलेक्टर व सीएमओ के समक्ष रखी समस्या व सुझाव

कलेक्टर के समक्ष पहुंचे सभी नागरिक इंग्लिशपुरा पुल से कोतवाली चौराहा तक के रहवासी थे. उन्होंने बताया कि मार्ग चौड़ीकरण में सबसे अधिक परेशानी उन्हें हो रही है. नागरिकों का कहना है कि मार्ग चौड़ीकरण के लिए घरों व दुकानों को तोडऩे के लिए लगाए गए लाल निशानबिना किसी मापदंड के लगाए गए हैं. कहीं- कहीं तो ऐसे घरों पर लाल निशान लगाए गए हैं जो वर्तमान रोड से 20 फिट अंदर हैं. नागरिकों का कहना था कि यदि पुलिया से कोतवाली चौराहे तक के घरों के आगे बने छज्जों और चबूतरों को तोड़ दिया जाए तो भी मार्ग पर्याप्त व अत्यधिक चौड़ा हो जाएगा और कई घर इस कार्यवाही में सुरक्षित रह जाएंगे जो पूर्णरूप से नष्ट हो रहे हैं. इसके अलावा नागरिकों ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वह स्वयं क्षेत्र में जाकर मुआयना कर वस्तुस्थिति को समझें. यदि संभव हो तो घरों के आगे बने छज्जे और चबूतरों को ही तोड़ा जाए जिससे मार्ग भी चौड़ा हो जाएगा और उनके घर भी सुरक्षित रह सकेंगे.

सीमांकन के बाद करेंगे कार्रवाई

भोपाल नाका से कोतवाली चौराहे तक सड़क निर्माण तो अवश्य होगा. मार्ग के निर्माण में बाधक बने अतिक्रमण हटाए जाएंगे. इसके लिए एसडीएम कार्यालय को सीमांकन करने पत्र लिखा गया है ताकि निर्धारित दायरे से अधिक पाए जाने वाले अतिक्रमण को हटाया जा सके. शीघ्र ही सीमांकन होने के बाद अतिक्रमण हटाना शुरू किया जाएगा.

विजय कोली,
सहायक यंत्री, नपा

Next Post

अष्टानिका पर्व पर सिद्ध भगवान की आराधना, भानपुर जैन मंदिर में भव्य आयोजन

Fri Jul 4 , 2025
भोपाल। अष्टानिका पर्व के अंतर्गत जैन मंदिरों में भगवान सिद्ध की आराधना शुरू हुई। भानपुर जैन मंदिर में मुनि निर्वेग सागर महाराज के सान्निध्य में भगवान पार्श्वनाथ का अभिषेक और विशेष शांतिधारा हुई। अष्टद्रव्य से पूजा और भव्य मंडल विधान का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत वीरेंद्र एकता परिवार द्वारा […]

You May Like